सांदीपनि विद्यालय बड़वारा में गुरुपूर्णिमा पखवाड़े का हुआ समापन मेधावी छात्रा प्रतिमा साहू सहित विद्यार्थियों एवं गुरुजनों को किया गया सम्मानित

(कटनी)  सांदीपनि विद्यालय बड़वारा में गुरुपूर्णिमा पखवाड़े का समापन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्राचार्य एवं स्कूल लीडर उमेश कुमार निगम के मार्गदर्शन में मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई।

इस अवसर पर हाई स्कूल स्टेट मेरिट 2025-26 में 98.7 प्रतिशत अंक के साथ सातवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित करने वाली प्रतिभावान छात्रा प्रतिमा साहू का पुष्पगुच्छ, डायरी, डॉक्यूमेंट फाइल एवं पेन भेंटकर विशेष सम्मान किया गया। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में श्रेष्ठ परिणाम देने वाले शिक्षक-विद्यार्थियों, खेल, संगीत, विज्ञान मॉडल, NMMSS परीक्षा और ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को भी तिलक लगाकर और पुष्‍पगुच्‍छ देकर अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर गुरुवंदन आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं द्वारा आकर्षक सामूहिक नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। साथ ही संस्कार, चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम में पूर्व में कार्यरत गुरुजनों एवं पूर्व विद्यार्थियों का भी डायरी, पेन और डॉक्यूमेंट फाइल देकर सम्मान किया गया। समस्त गुरुजनों को सम्मानित करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया गया।  कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सांदीपनि विद्यालय बड़वारा को एक उत्कृष्ट शिक्षा केंद्र के रूप में प्रशंसा की।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें