महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा छह श्रेणियों में राज्य एवं जिला स्तरीय पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित

कटनी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वर्ष 2025 के लिए राज्य एवं जिला स्तरीय पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। इच्छुक आवेदक 31 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। विभाग द्वारा कुल छह अलग-अलग श्रेणियों में राज्य एवं जिला स्तर पर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। चयनित विजेताओं को एक लाख रुपये तक की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिए जाते हैं।

वीरता और समाज सेवा के लिए विशेष सम्मान

बाल विवाह, दहेज जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने तथा पीड़ितों के पुनर्वास में योगदान देने वाली महिलाओं और बालिकाओं को ‘रानी अवंती बाई राज्य स्तरीय वीरता पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा।

महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, साक्षरता एवं पर्यावरण सुधार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को ‘राजमाता विजयाराजे सिंधिया समाज सेवा पुरस्कार’ प्रदान किया जाएगा। वहीं, इसी क्षेत्र में सक्रिय पुरुषों और स्वयंसेवी संस्थाओं के लिए ‘श्री विष्णु कुमार महिला बाल कल्याण समाज सेवा’ सम्मान निर्धारित किया गया है।

महिला सुरक्षा में योगदान देने वालों को भी मिलेगा सम्मान

महिला सम्मान एवं सुरक्षा के लिए साहसिक कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। ‘मुख्यमंत्री नारी सम्मान रक्षा पुरस्कार’ एवं ‘राष्ट्रमाता पद्मावती पुरस्कार’ उन महिलाओं एवं पुरुषों को दिए जाएंगे, जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर महिला सम्मान की रक्षा की हो।
मुख्यमंत्री नारी सम्मान रक्षा पुरस्कार राज्य स्तर पर चार एवं जिला स्तर पर दो विजेताओं को दिया जाएगा, जिसमें जिला स्तर पर 50 हजार रुपये की सम्मान राशि निर्धारित है। इसके अतिरिक्त, आत्मरक्षा में साहस का परिचय देने वाली महिलाओं को ‘अरुणा शानबाग वीरता पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा।

आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक निर्देश

इच्छुक आवेदक विभागीय वेबसाइट www.mpwcdmis.gov.in से आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं अथवा जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय, कटनी से भी प्राप्त कर सकते हैं। पूर्ण रूप से भरे गए आवेदन सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित अंतिम तिथि से पूर्व कार्यालय में जमा करना अनिवार्य है।

विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि आवेदन पत्र पर संबंधित पुरस्कार का नाम स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए। साथ ही आवेदन में अनुक्रमणिका (इंडेक्स) लगाना एवं सभी पृष्ठों को क्रमांकित करना आवश्यक है, जिससे जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि 31 अगस्त 2026 के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए इच्छुक पात्रों से समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की गई है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें