मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से हितग्राहियों के खातों में राशि अंतरित की
(सतना) प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों तथा जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को मंत्रालय भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से करोड़ों रुपये की सहायता राशि का अंतरण किया। कार्यक्रम के दौरान पीएम उज्ज्वला योजना एवं लाड़ली बहना योजना अंतर्गत 22 लाख बहनों को दो माह की अनुदान राशि के रूप में 99 करोड़ रूपये से अधिक की राशि अंतरित की गई।
इसके साथ ही समग्र पेंशन योजना अंतर्गत 35 लाख हितग्राहियों के खातों में 211.53 करोड़ रूपये की राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण किया गया। पीएम उज्ज्वला योजना एवं लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं और परिवारों को आर्थिक राहत एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने का कार्य किया जा रहा है। दो माह की अनुदान राशि के अंतरण से प्रदेश की 22 लाख बहनों को सीधे लाभ प्राप्त होगा। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा परिवारों के घरेलू खर्च में सहयोग प्रदान करना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से संबंधित योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया। सतना के एनआईसी कक्ष में जिला खाद्य अधिकारी सम्यक जैन सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में हितग्राहियों द्वारा राज्य स्तरीय कार्यक्रम वर्चुअल प्रसारण देखा व सुना गया।
