पुलिस अधीक्षक एवं अपर कलेक्टर ने पुलिस परेड ग्राउंड का किया निरीक्षण
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का अंतिम रिहर्सल सम्पन्न
(सीधी) स्वतंत्रता दिवस समारोह के गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी एवं अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय ने पुलिस परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समारोह स्थल की साफ-सफाई एवं समतलीकरण, पार्किंग, सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।
पुलिस अधीक्षक एवं अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि समारोह में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
इसके पूर्व पुलिस अधीक्षक एवं अपर कलेक्टर के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम रिहर्सल सम्पन्न हुआ। इस दौरान समारोह के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार ध्वजारोहण, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा अन्य निर्धारित गतिविधियों का पूर्वाभ्यास किया गया। अधिकारियों ने रिहर्सल के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, अनुविभागीय अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक, उप पुलिस अधीक्षक सुजीत कड़वे, सहायक संचालक जनसंपर्क मुकेश मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
