सभी की जिम्मेदारी से बनेगी आदर्श विधानसभा-मंत्री श्री सिंह
पश्चिम विधानसभा में विभिन्न वार्डों में हुए भूमिपूजन व लोकार्पण
कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, महामंत्री पंकज दुबे, वार्ड के पार्षद, शक्ति केंद्रों के सहयोगी, मंडल पदाधिकारी व सीनियर सिटीजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
वीर सावरकर वार्ड में 50 लाख के शेड-स्टेज का भूमिपूजन
वीर सावरकर वार्ड में कछपुरा पुल के समीप करीब 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले शेड एवं स्टेज निर्माण का भूमिपूजन वार्ड के वरिष्ठ नागरिक श्री सुरेश देशपांडे ने मंत्री श्री राकेश सिंह के आग्रह पर किया, जबकि शिलान्यास मंत्री श्री सिंह ने किया।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सामान्य तौर पर शेड और स्टेज का निर्माण तीन से पांच लाख रुपए की लागत में होता है, लेकिन यहां नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए करीब 50 लाख रुपए की लागत से बेहतर निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वीर सावरकर वार्ड में अब तक 23 विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि कुल 65 विकास कार्य कराए जाने हैं।
शाही तालाब के घाट और गार्डन का होगा विकास
इंदिरा गांधी वार्ड में शाही तालाब के घाट निर्माण कार्य का भूमिपूजन मंत्री श्री सिंह के आग्रह पर शक्ति केंद्र के श्री हरि शर्मा ने किया। करीब 60 लाख रुपए की लागत से घाट निर्माण तथा 20 लाख रुपए की लागत से गार्डन विकास का कार्य किया जाएगा।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि तालाब के समीप बाउंड्रीवॉल तथा छोटे-बड़े दो गेट बनाए जाने की मांग भी पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी वार्ड में अब तक करीब 68 विकास कार्य चिन्हित किए गए हैं।
गढ़ा वार्ड में 8.43 करोड़ के 40 मार्गों का लोकार्पण
गढ़ा वार्ड में 843.20 लाख रुपए की लागत से पूर्ण 40 मार्गों का लोकार्पण किया गया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि वार्ड में विकास कार्यों का सिलसिला लगातार जारी है। अब तक यहां 211 विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें कुछ कार्य पूर्ण भी हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि जलप्लावन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से नाले का निर्माण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
कोष्टा समाज के सामुदायिक भवन का भूमिपूजन
स्वामी वीरेंद्रपुरी वार्ड के कोष्टा मोहल्ला में समाज की मांग पर 10 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। मंत्री श्री राकेश सिंह ने रविवार को निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
उन्होंने बताया कि पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में एक साथ करीब 40 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जा रहा है। स्वामी वीरेंद्रपुरी वार्ड में अब तक करीब 25 विकास कार्य पूरे हो चुके हैं। इन कार्यों से सड़क, नाली, सामुदायिक भवन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।
रमनगरा में 25 लाख के यज्ञशाला शेड का भूमिपूजन
रमनगरा क्षेत्र में यज्ञशाला शेड निर्माण के लिए 25 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। मंत्री श्री राकेश सिंह ने रविवार को यज्ञशाला में शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर शेड निर्माण के लिए चार से सात लाख रुपए तक की राशि स्वीकृत होती है, लेकिन रमनगरा में बेहतर और सुविधाजनक शेड का निर्माण हो, इसके लिए 25 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
मंत्री श्री सिंह ने बताया कि रमनगरा क्षेत्र में कुल 132 विकास कार्य स्वीकृत, प्रगतिरत और प्रस्तावित हैं और इनमें से करीब 6 करोड़ रुपए की लागत वाले 42 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। वहीं 10 कार्य प्रगतिरत, 26 कार्य स्वीकृत और 19 कार्य प्रस्तावित हैं।
मंत्री श्री सिंह ने कार्यक्रम के दौरान वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर धनवंतरी नगर चौराहा स्थित प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर उन्हें श्रद्धांजली अर्पित की।
