संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने मंडला जिले में बिछिया विकासखंड के ग्रामों का किया सघन निरीक्षण स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का लिया जायजा

दस्तक अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश वर्षा जनित संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं उपचार हेतु तत्परता से कार्यवाही के निर्देश

जबलपुर संभागायुक्त धनंजय सिंह ने कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के साथ मंडला जिले के बिछिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चरगांव और मांगा का सघन भ्रमण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें मिल रही योजनाओं तथा सेवाओं की जानकारी ली।

भ्रमण के दौरान संभागायुक्त ने चरगांव स्थित उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण करते हुए राशन वितरण व्यवस्था को परखा। इसके साथ ही उन्होंने उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से चर्चा कर योजना के लाभ संबधी जानकारी ली।

क्षेत्र में संचालित नल-जल योजना और हैंडपंपों की जानकारी लेते हुए उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सभी पेयजल स्रोतों में नियमित क्लोरीनेशन एवं वाटर टेस्टिंग की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं के मूल्यांकन के तहत उन्होंने चरगांव के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और बच्चों से चर्चा कर उनकी शिक्षा व आहार व्यवस्था को समझा। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं सीडीपीओ,सुपरवाइजर को केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर पंजी में निरीक्षण टीप दर्ज करने तथा बच्चों को समय पर पोषण आहार, नाश्ता एवं मध्यान भोजन गुणवत्तापूर्ण उपलब्ध कराने केनिर्देश दिए। भ्रमण के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण में उपलब्ध दवाओं, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि एएनसी पंजीयन की नियमित मॉनिटरिंग करें और गर्भवती महिलाओं को समय पर अन्य आवश्यक सेवायें उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मांगा का भ्रमण किया, जहां स्मार्ट क्लास का अवलोकन करने के साथ ही विद्यार्थियों से चर्चा कर शैक्षणिक गुणवत्ता का आंकलन किया।  तत्पश्चात राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह शासकीय बालक आश्रम शाला मांगा के निरीक्षण के दौरान  बच्चों से भोजन, नाश्ते और आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली तथा विभागीय अधिकारियों को आश्रमों के नियमित निरीक्षण कर निर्धारित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने स्कूलों, छात्रावासों में खेलकूद गतिविधियों के लिए बच्चों को प्रोत्साहित किए जाने हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।

जन विश्वास अभियान अंतर्गत लंबित शिकायतों का तत्परता से करें निराकरण-संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह 

      क्षेत्रीय निरीक्षण के बाद जिला पंचायत सभागार मंडला में आयोजित समीक्षा बैठक में संभागायुक्त ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों के समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए सभी एसडीएम को नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त राजस्व प्रकरणों में लम्बित नामांतरण,बंटवारा एवं राजस्व अभिलेखों में पारित आदेशों के अमल संबधी प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन के लंबित नामांतरण प्रकरणों की समीक्षा के दौरान एक प्रकरण में मौके पर ही आवेदक से दूरभाष पर सीधे चर्चा की, प्रकरण के समाधानपूर्ण निराकरण न होने के कारण नायाब तहसीलदार बम्हनी के द्वारा प्रकरण में की गई कार्रवाई के संबंध में  एडीएम से रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए। साथ ही लोक सेवा केंद्र के अंतर्गत अविवादित नामांतरण तथा समय पर राजस्व नकल मिलने की सेवाओं के संबंध में समीक्षा कर श्री शैलेन्द्र चौधरी प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी से रिपोर्ट लेने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने समीक्षा के दौरान जनजातीय कार्य, स्कूल शिक्षा, जिला शिक्षा केंद्र तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने, संस्थाओं का  निरीक्षण करने और निरीक्षण पंजी में निरीक्षण टीप दर्ज करने के निर्देश दिए। पीएचई विभाग के अधिकारियों को सभी स्कूलों, आंगनबाड़ियों और छात्रावासों के पेयजल नमूनों की नियमित जांच कराने एवं शुद्ध पेयजल उपलब्धता के निर्देश दिए ।

बैठक में संभागायुक्त द्वारा दस्तक अभियान की विस्तृत समीक्षा कर स्वास्थ्य अधिकारियों को इसे समय सीमा में प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा जनित संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं उपचार हेतु तत्परता से कार्यवाही करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये गए। समीक्षा बैठक में पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सभी पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर आवश्यक टीकाकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें।बैठक में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें