मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव का ऐलान, 29 सितंबर को होगा मतदान
भोपाल | RPKP INDIA NEWS
मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन 2026 पूर्वार्ध का कार्यक्रम राज्य निर्वाचन आयोग ने घोषित कर दिया है। आयोग के अनुसार प्रदेश में उपचुनाव के लिए 29 सितंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया 8 सितंबर से शुरू होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव श्री दिनेश श्रीवास्तव के अनुसार उप निर्वाचन के लिए निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन और नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 15 सितंबर तक नाम निर्देशन पत्र जमा कर सकेंगे।
18 सितंबर को नाम वापसी की अंतिम तारीख
नाम निर्देशन पत्रों की जांच 16 सितंबर 2026 को की जाएगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 18 सितंबर निर्धारित की गई है। इसी दिन चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन भी किया जाएगा।
नगरीय निकायों में शाम 5 बजे तक होगा मतदान
नगरीय निकायों में 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतगणना होगी।
नगरीय निकायों के उप निर्वाचन के लिए 3 अध्यक्ष और 26 पार्षद पदों पर चुनाव कराया जाएगा।
इन तीन नगर निकायों में अध्यक्ष पद का चुनाव
आगर-मालवा जिले की नगर परिषद सुसनेर, टीकमगढ़ जिले की नगरपालिका परिषद टीकमगढ़ और धार जिले की नगर परिषद कुक्षी के अध्यक्ष पद के लिए उप निर्वाचन होगा।
इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों में रिक्त 26 पार्षद पदों के लिए भी मतदान कराया जाएगा।
इनमें नगरपालिक निगम इंदौर के वार्ड 58 और 60, नगरपालिक निगम ग्वालियर के वार्ड 5, नगरपालिक निगम सागर के वार्ड 11, नगरपालिक निगम कटनी के वार्ड 41, नगरपालिक निगम खंडवा के वार्ड 34, नगरपालिक निगम के वार्ड 47, नगरपालिका परिषद दमोह के वार्ड 12, इटारसी के वार्ड 30, मुलताई के वार्ड 4, दतिया के वार्ड 1, कोतमा के वार्ड 13, आष्टा के वार्ड 4 और नगरपालिका परिषद विदिशा के वार्ड 26 शामिल हैं।
इसी तरह नगर परिषद फूफ के वार्ड 8, चाकघाट के वार्ड 2, लोहारदा के वार्ड 10, कोटर के वार्ड 8, जैतवारा के वार्ड 10, सिलवानी के वार्ड 3, बड़ौदा के वार्ड 14, बरघाट के वार्ड 6, कसरावद के वार्ड 8, पिपलिया मंडी के वार्ड 15, निवाली बुजुर्ग के वार्ड 7 और नगर परिषद कुक्षी के वार्ड 14 के लिए भी उप निर्वाचन होगा।
पंचायतों में 7 जिला पंचायत और 28 जनपद सदस्य पदों पर चुनाव
त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के तहत जिला पंचायत सदस्य के 7 पद, जनपद पंचायत सदस्य के 28 पद, सरपंच के 110 पद और पंच के 4090 पदों के लिए उप निर्वाचन कराया जाएगा।
पंचायत क्षेत्रों में मतदान 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।
पंच पद की मतगणना मतदान के बाद ही
पंच पद के लिए मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्र पर ही की जाएगी।
वहीं सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के लिए विकासखंड मुख्यालय पर ईवीएम से मतगणना कराई जाएगी। यह मतगणना 3 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शुरू होगी।
3 अक्टूबर से घोषित होंगे पंचायत चुनाव परिणाम
सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणाम 3 अक्टूबर 2026 को घोषित किए जाएंगे।
जिला पंचायत सदस्य और पंच पद के निर्वाचन परिणामों की घोषणा 5 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:30 बजे से की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा कार्यक्रम घोषित किए जाने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में उप निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नगरीय निकाय और पंचायत क्षेत्रों के मतदाता अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
