पैकिंग हाउस के करीब 10 श्रमिकों की ड्यूटी बंद करने पर भड़का आक्रोश

श्रमिकों ने एसीसी प्रबंधन को दी चेतावनी, कहा—काम से हटाए गए कर्मचारियों की ड्यूटी तत्काल बहाल की जाए

कैमोर। RPKP INDIA NEWS
एसीसी अडानी सीमेंट उद्योग कैमोर के पैकिंग हाउस विभाग में कार्यरत करीब दस श्रमिकों की ड्यूटी कथित रूप से अकारण एवं अनुचित तरीके से बंद किए जाने को लेकर गत दिवस श्रमिकों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

श्रमिकों ने उद्योग के गेट पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए प्रबंधन से काम से बंद किए गए श्रमिकों की ड्यूटी शीघ्र बहाल करने की मांग की।

श्रमिकों का आरोप है कि उनके साथ अनुचित व्यवहार किया जा रहा है तथा श्रम कानूनों के प्रावधानों का समुचित पालन नहीं किया जा रहा है। श्रमिकों ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि श्रमिकों के कथित शोषण एवं उत्पीड़न को तत्काल बंद किया जाए और जिन श्रमिकों की ड्यूटी बंद की गई है, उन्हें पुनः कार्य पर लिया जाए।

न्यायालय में लंबित हैं औद्योगिक विवाद से जुड़े प्रकरण

श्रमिकों के अनुसार, पैकिंग हाउस विभाग में कार्यरत श्रमिकों और एसीसी उद्योग प्रबंधन के बीच औद्योगिक विवाद अधिनियम के अंतर्गत केंद्रीय औद्योगिक न्यायाधिकरण, जबलपुर के समक्ष दो प्रकरण वर्तमान में विचाराधीन हैं।

श्रमिकों का कहना है कि जब मामला न्यायालय के समक्ष लंबित है, ऐसे समय में श्रमिकों की सेवा शर्तों में किसी प्रकार का परिवर्तन किया जाना श्रम कानूनों के प्रावधानों के विपरीत है। श्रमिकों ने कहा कि प्रबंधन को न्यायालय में लंबित मामलों का सम्मान करते हुए श्रमिकों के हितों की रक्षा करनी चाहिए।

साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ड्यूटी से बंद किए गए श्रमिकों को शीघ्र कार्य पर वापस नहीं लिया गया तो श्रमिक आगे आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे।

वहीं, इस पूरे मामले में एसीसी अडानी सीमेंट प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें