भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग के संदेश को आत्मसात कर विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें : श्रीकांत चतुर्वेदी
जन्माष्टमी पर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने प्रदेशवासियों को दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं
मैहर। RPKP INDIA NEWS
भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों, कर्मयोग, भक्ति एवं ज्ञान के मार्ग को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने अपने संदेश में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण सच्चिदानंद स्वरूप, धर्म के संस्थापक तथा भक्ति, ज्ञान और कर्मयोग के परम प्रेरणास्रोत हैं। उनके जीवन एवं उपदेशों में मानव कल्याण और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा निहित है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए ‘श्रीकृष्ण पाथेय’ के माध्यम से उनकी मध्यप्रदेश यात्रा से जुड़े पावन स्थलों एवं प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही गुरु सांदीपनि की ज्ञान परंपरा से प्रेरित सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से भावी पीढ़ी को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।
श्री चतुर्वेदी ने कहा कि जन्माष्टमी केवल उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग और कर्तव्यनिष्ठा के संदेश को आत्मसात करने का अवसर भी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में उतारते हुए समृद्ध, सशक्त एवं विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें।
उन्होंने अंत में भगवान श्रीकृष्ण से सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
“सच्चिदानन्दरूपाय विश्वोत्पत्यादिहेतवे।
तापत्रयविनाशाय श्रीकृष्णाय वयं नमः॥”
