पर्यटन उद्यम को बढ़ावा देने कलेक्टर ने होटल, रिसोर्ट एवं रेस्टोरेंट संचालकों से किया संवाद

स्थानीय उत्पादों को पर्यटन से जोड़कर बढ़ाएंगे रोजगार के अवसर : कलेक्टर

(सीधी) जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने, पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से परसिली रिसोर्ट में होटल, रेस्टोरेंट एवं रिसोर्ट संचालकों तथा निवेशकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े व्यवसायियों की समस्याओं एवं उनके निराकरण के साथ-साथ पर्यटन विकास की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा की गई। इसमें साफ-सफाई, बिजली, पानी, पर्यटकों के लिए सुविधाओं के विस्तार तथा पर्यटन स्थलों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने जैसे विषय प्रमुखता से शामिल रहे। व्यवसायियों ने पर्यटन गतिविधियों के संचालन में आने वाली समस्याओं एवं आवश्यकताओं से अधिकारियों को अवगत कराया।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध उत्पादों एवं सामग्रियों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि रिसोर्ट, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालक स्थानीय लोगों द्वारा तैयार किए जा रहे आजीविका उत्पादों का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा स्थानीय उत्पादों को पर्यटकों तक पहुंचाने के लिए उन्हें अपने प्रतिष्ठानों में स्थान दें। इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा और लोगों की आय बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने पर्यटन उद्यम से जुड़े संचालकों से स्थानीय संसाधनों और उत्पादों को प्रोत्साहित करने, पर्यटकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा अपने प्रतिष्ठानों के माध्यम से क्षेत्र की स्थानीय पहचान को बढ़ावा देने की अपेक्षा की। बैठक में प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने पर भी चर्चा की गई।

बैठक में उपखंड अधिकारी मझौली आकाश अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मझौली सुरभि श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी तथा होटल, रेस्टोरेंट एवं रिसोर्ट व्यवसाय से जुड़े संचालक एवं निवेशक उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें