संभागायुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार ने सिंहस्थ के कार्यों की प्रगति के लिए बुलाई 15 विभागों की संयुक्त समन्वय बैठक
रुके कार्यों की अड़चने दूर करने के लिए नगर निगम आयुक्त हर माह करेंगे समन्वय बैठक
एक बार सड़क या विकास कार्य हो जाने के बाद अन्य विभाग के कार्य के लिए संरचना तोड़ना ना पड़े ऐसा समन्वय नीचे से ऊपर तक करने विभाग करेंगे समन्वय
बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि सिंहस्थ से संबंधित सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। सिंहस्थ के साथ-साथ अन्य विकास कार्य भी प्रभावित न हों , इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्माण कार्यों में आ रही अड़चनों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें।
*निर्माण कार्य एजेंसी वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करें, आम नागरिकों को समुचित मार्ग दे – संभागायुक्त श्री लाक्षाकार*
संभागायुक्त श्री लाक्षाकार ने कहा कि निर्माण कार्य से जुड़े विभाग खासकर सड़क निर्माण कार्य को शुरू करने के पूर्व वैकल्पिक मार्ग का निर्माण सुनिश्चित करें ताकि नागरिकों और वाहन चालकों को परेशानी न आए। सभी विभागों में आपसी समन्वय जरूरी है। वैकल्पिक मार्ग का आवश्यक होने पर निर्धारण के साथ ही निर्माण भी करे। ताकि विकास पूर्ण होने तक उपयोगी बना रहे।
*इंदौर में सिंहस्थ से पूर्व 23 सड़के होगी पूर्ण*
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने बताया कि नगर निगम द्वारा सिंहस्थ के मद्देनजर किए जा रहे सड़क निर्माण कार्यों की जानकारी दी गई। निगम द्वारा लगभग 23 प्रमुख सड़कों पर कार्य किया जा रहा है। इन कार्यों को अगस्त 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से कुछ सड़क निर्माण कार्य इसी वर्ष अक्टूबर माह अथवा उसके आसपास पूर्ण किए जाने की संभावना है।
बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान MR-11 एवं MR-12 मार्गों की प्रगति की जानकारी दी गई। MR-11 मार्ग की लगभग 3.5 किलोमीटर लंबाई तथा MR-12 मार्ग की लगभग 9 किलोमीटर लंबाई के कार्यों पर चर्चा की गई। MR-12 पर प्रस्तावित रिवर ब्रिज सहित अन्य कार्यों के संबंध में भी आवश्यक समन्वय एवं कार्य प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में स्मार्ट सिटी के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कार्यों को गति देने के लिए नगर निगम सहित अन्य संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय किया जा रहा है।
बैठक में रेलवे विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान राजेन्द्र नगर ROB, केसरबाग ROB तथा लक्ष्मीबाई नगर ROB से संबंधित प्रकरणों पर चर्चा हुई। राजेन्द्र नगर ROB के कार्य के लिए नगर निगम की पेयजल लाइन शिफ्ट किए जाने की आवश्यकता बताई गई। इस संबंध में नगर निगम से निरंतर समन्वय किया जा रहा है। केसरबाग ROB के निर्माण कार्य में अतिक्रमण के कारण आ रही बाधा पर भी चर्चा की गई। संभागायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित अड़चनों का शीघ्र निराकरण कर कार्य को गति दी जाए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को स्थल निरीक्षण कर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त श्री लाक्षाकार ने लक्ष्मीबाई नगर ROB के संबंध में कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। नागरिकों के आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्गों की जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो, यह भी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। लक्ष्मीबाई नगर ROB से संबंधित कार्यों में रेलवे एवं लोक निर्माण विभाग के स्तर पर आवश्यक समन्वय तथा भोपाल स्तर पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा इंदौर, खरगोन एवं ओंकारेश्वर क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कुल सात कार्यों में से पांच कार्य पूर्ण हो चुके हैं। संभागायुक्त ने शेष कार्यों में आ रही अड़चनों की पहचान कर उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) द्वारा सिंहस्थ से संबंधित चार प्रमुख कार्य किए जा रहे हैं। इनमें मुसाखेड़ी, देवास नाका, क्रिस्टल पार्क एवं सत्य साईं क्षेत्र में छह लेन फ्लायओवर से संबंधित कार्य शामिल हैं। इन कार्यों को दिसम्बर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।
संभागायुक्त श्री लाक्षाकार ने कहा कि इन कार्यों में भारी मशीनरी का उपयोग होना है, इसलिए आगामी समय में आने वाली संभावित कठिनाइयों का पूर्व आकलन कर कार्ययोजना तैयार की जाए। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्यों को इस प्रकार संचालित किया जाए कि यातायात एवं नागरिक सुविधाएं प्रभावित न हों।
बैठक में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA) द्वारा ओंकारेश्वर क्षेत्र में घाटों के निर्माण एवं विकास से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने आठ घाटों से संबंधित कार्यों की जानकारी दी, जिनमें ओंकारेश्वर क्षेत्र में छह तथा नवघाटखेड़ी क्षेत्र में दो घाटों के कार्य शामिल हैं।
संभागायुक्त श्री लाक्षाकार ने मेट्रो रेल परियोजना के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। मल्हारगंज पुलिस थाने को नई बिल्डिंग में शिफ्ट किए जाने के संबंध में भी चर्चा हुई। उन्होंने राजवाड़ा क्षेत्र में शिवाजी मार्केट की 16 दुकानों से संबंधित प्रकरण, रेलवे स्टेशन निर्माण, पलासिया स्टेशन तथा पुलिस क्वार्टर की भूमि से जुड़े विषयों पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। संबंधित प्रकरणों के निराकरण के लिए आवश्यक समन्वय करते हुए एक सप्ताह में स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए।
*कार्य पूरा होने पर बैरिकेटिंग ज्ञान के साथ ही क्षतिग्रस्त हुए विकास कार्य या सड़क की व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी भी ले – संभागायुक्त श्री लाक्षाकार*
संभागायुक्त श्री लाक्षाकार ने कहा कि जहां बैरिकेडिंग की गई है, वहां कार्य में तेजी लाई जाए तथा कार्य पूर्ण होने के बाद स्थान को शीघ्र व्यवस्थित किया जाए। निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करते समय गुणवत्ता एवं व्यवस्थित निर्माण का विशेष ध्यान रखा जाए। मेट्रो रेल के रोबोट चौराहे से खजराना तक के कार्य को दीपावली तक पूर्ण करने का लक्ष्य भी अधिकारियों द्वारा बताया गया।
बैठक में संभागायुक्त श्री लाक्षाकार ने सभी विभागों से कहा कि सिंहस्थ से जुड़े प्रत्येक कार्य को समयबद्धता , गुणवत्ता और आपसी समन्वय के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान नागरिक सुविधाओं एवं यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखते हुए संभावित समस्याओं का पूर्व में ही समाधान किया जाए, ताकि सिंहस्थ की तैयारियां सुचारू रूप से आगे बढ़ सकें।
*संभागायुक्त श्री लाक्षाकार ने करीब 15 से अधिक विभागों के साथ की समन्वय बैठक*
संभागायुक्त श्री लाक्षाकार ने स्मार्ट सिटी, नगर निगम,मप्र पर्यटन,रेलवे, मेट्रो,पीआईयू, पीडब्ल्यूडी भवन, मप्र पुलिस हाउसिंग, नेशनल हाईवे, नेशनल हाइवे अथॉरिटी, एमपीआरडीसी, मप्र भवन विकास निगम,नगरीय प्रशासन,नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण,पीएमजीएसवाई आदि विभागों की समन्वय बैठक ली।
बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, निगमायुक्त श्री क्षितिज सिंघल, अपर कलेक्टर श्री रिंकेश वैश्य, स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ श्री अर्थ जैन, स्वास्थ्य विभाग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री माधव प्रसाद हसानी, सभी अनुविभागीय अधिकारी सहित नगर निगम, रेलवे, मेट्रो, आईडीए, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एमपीआरडीसी के इंजीनियर, लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी विभाग, श्रम विभाग सहित अन्य विभागों के संयुक्त संचालक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
