वर्ष की तीसरी नेशनल लोक अदालत का सफल आयोजन
57 खंडपीठों में 10,757 लंबित और 80,500 प्री-लिटिगेशन प्रकरण निराकरण के लिए रखे गए
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती तथा महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश श्री राजर्षि श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अग्नीध कुमार द्विवेदी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायाधीश श्री सुनीत अग्रवाल सहित न्यायाधीशगण, पुलिस कमिश्नर श्री संजय कुमार, एडीएम श्री पी.सी. शाक्य, मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद के सदस्य श्री राजेश व्यास, अभिभाषक संघ के अध्यक्ष श्री देवेंद्र रावत एवं सचिव श्री मुकेश नागपुरे सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, बैंक एवं विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अभिभाषकगण एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल के सचिव श्री सुनीत अग्रवाल ने बताया कि जिला न्यायालय भोपाल, कुटुम्ब न्यायालय भोपाल, सिविल न्यायालय बैरसिया एवं औद्योगिक न्यायालय के लिए कुल 57 खंडपीठों का गठन किया गया है। नेशनल लोक अदालत में लगभग 10,757 लंबित प्रकरण तथा 80,500 प्री-लिटिगेशन प्रकरण निराकरण के लिए रखे गए हैं।
लोक अदालत में राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, चेक बाउंस, बैंक रिकवरी, सिविल प्रकरण सहित प्री-लिटिगेशन के अंतर्गत बैंक रिकवरी, जलकर एवं संपत्ति कर से संबंधित मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर निराकरण किया जा रहा है।
