सीईओ जिला पंचायत ने की सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा
(सतना) सतना जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत शुभारंभ दिवस पर स्वास्थ्य संस्थाओं में वृहद स्वास्थ्य शिविर और शाम को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम किये जायेंगे। सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह ने नगर निगम और जिला विकास अभिकरण तथा जिला पंचायत के अधिकारियों की बैठक लेकर सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि के लिए जिन विभागों को जो जिम्मेदारी दी गई है उसका निर्वहन कुशलतापूर्वक करें। उन्होंने संबंधित विभागों को कार्यक्रम के फोटोग्राफ्स और वीडियो की अपलोडिंग तथा दस्तावेजीकरण कार्य को साथ-साथ सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये। इस मौके पर सतना स्मार्ट सिटी के मैनेजर दीपेन्द्र सिंह, परियोजना अधिकारी डॉ. गौरव शर्मा, डीपीसी दिवाकर तिवारी, सीनियर डाटा मैनेजर हीरामणि, एनआईसी के इंजीनियर मनोहर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
