पांचवीं में 599 अंक सुनकर खुश हुए कलेक्टर, छठवीं की छात्रा सुरभि से किया आत्मीय संवाद

कैमोर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी ने छात्रा से पढ़ाई और परीक्षा परिणाम को लेकर की बातचीत

कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कैमोर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के साथ एक छात्रा से आत्मीय बातचीत भी की। महिला वार्ड में मौजूद छठवीं कक्षा की छात्रा सुरभि से बातचीत के दौरान जब कलेक्टर ने उसकी पांचवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम के बारे में पूछा, तो उसके जवाब ने सभी का ध्यान खींच लिया।

स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर महिला वार्ड में पहुंचे। यहां उनकी नजर छठवीं कक्षा में पढ़ने वाली सुरभि पर पड़ी। उन्होंने सहज अंदाज में छात्रा से बातचीत शुरू की और उसके बारे में जानकारी ली। सुरभि ने बताया कि वह अपनी मामी के साथ अस्पताल आई है। उसकी मामी के यहां हाल ही में बेटी का जन्म हुआ है।

बातचीत के दौरान कलेक्टर ने सुरभि से उसकी पढ़ाई के बारे में पूछा। इसके बाद उन्होंने सवाल किया कि पांचवीं कक्षा में उसके कितने अंक आए थे। सुरभि ने आत्मविश्वास के साथ बताया कि उसे 600 में से 599 अंक मिले हैं।

छात्रा का यह शानदार परीक्षा परिणाम सुनकर कलेक्टर के चेहरे पर खुशी नजर आई। उन्होंने सुरभि की मेहनत और पढ़ाई के प्रति लगन की सराहना की। कलेक्टर ने उसे आगे भी इसी तरह मेहनत और आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

सामान्य सवालों के भी दिए आत्मविश्वास से जवाब

कलेक्टर और सुरभि के बीच बातचीत केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं रही। उन्होंने छात्रा से कुछ सामान्य सवाल भी पूछे, जिनका सुरभि ने बिना झिझक जवाब दिया। उसकी सहजता, आत्मविश्वास और पढ़ाई के प्रति गंभीरता देखकर कलेक्टर ने उसकी प्रशंसा की।

अस्पताल के निरीक्षण के दौरान हुई यह छोटी-सी बातचीत छात्रा सुरभि के लिए यादगार बन गई। कलेक्टर ने उसके बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन को प्रोत्साहित करते हुए आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी तरह प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया।

✍️ (संतोष प्रसाद तिवारी)
     RPKP INDIA NEWS
               कैमोर

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें