फर्राटेदार अंग्रेजी सुनकर कलेक्टर ने अनुष्का को गोद में उठाया, बढ़ाया हौसला

कक्षा-3 की अनुष्का ने कहा “माय फेवरेट कलर इज ब्लू”, दीपांशु ने भी अंग्रेजी में दिया जवाब; बच्चों ने पहाड़े सुनाकर दिखाई अपनी तैयारी

कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शासकीय प्राथमिक विद्यालय इंद्रानगर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक तैयारी को जाना। इस दौरान कक्षा-3 की छात्रा अनुष्का ने आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी में जवाब देकर कलेक्टर का ध्यान आकर्षित किया।

कलेक्टर ने जब अनुष्का से बातचीत शुरू की तो उसने बिना झिझक अंग्रेजी में कहा, “माय फेवरेट कलर इज ब्लू…” छात्रा का आत्मविश्वास देखकर कलेक्टर ने स्नेहपूर्वक उसे गोद में उठाया और उसका हौसला बढ़ाया। इस दौरान विद्यालय में मौजूद शिक्षक और अधिकारी भी बच्चों के आत्मविश्वास को देखकर प्रसन्न नजर आए।

विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरिसिमरनप्रीत कौर और डीएफओ गर्वित गंगवार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बच्चों से उनकी पढ़ाई और कक्षा में चल रही शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर बातचीत की।

दीपांशु ने भी अंग्रेजी में दिया जवाब

अनुष्का के बाद कक्षा-2 के छात्र दीपांशु से भी कलेक्टर ने बातचीत की। दीपांशु ने भी बिना संकोच अंग्रेजी में अपने पसंदीदा रंग के बारे में जवाब दिया और कहा, “माय फेवरेट कलर इज रेड…”

बच्चों के आत्मविश्वास को देखकर कलेक्टर ने उनकी सराहना की। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ आत्मविश्वास विकसित करने और अपनी प्रतिभा को लगातार निखारने के लिए प्रेरित किया।

पहाड़े सुनाकर बच्चों ने दिखाई तैयारी

बच्चों की शैक्षणिक तैयारी को परखने के लिए कलेक्टर ने उनसे पहाड़े भी पूछे। उन्होंने कक्षा-2 के छात्र दीपांशु यादव से 4 का पहाड़ा सुनाने को कहा। दीपांशु ने बिना रुके पूरा पहाड़ा सुना दिया।

इसके बाद कक्षा-3 की अनुष्का से 2 का पहाड़ा पूछा गया। अनुष्का ने भी आत्मविश्वास के साथ सही उत्तर देते हुए पूरा पहाड़ा सुनाया। बच्चों की तत्परता और तैयारी देखकर कलेक्टर ने उनकी पीठ थपथपाई और मन लगाकर पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

विद्यालय में बच्चों के साथ कलेक्टर का यह सहज संवाद निरीक्षण के दौरान चर्चा का विषय रहा। बातचीत के जरिए अधिकारियों ने बच्चों की शैक्षणिक समझ और आत्मविश्वास को करीब से जानने का प्रयास किया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें