आंगनवाड़ी केंद्र लोही में बच्चों का आत्मविश्वास देख खुश हुए संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी

चार वर्षीय रागिनी ने बेझिझक सुनाई कविता, बच्चों ने सुनाए अल्फाबेट और गिनती

(मैहर)    संभागायुक्त श्री शीलेन्द्र सिंह एवं कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने जनपद मैहर के ग्राम लोही स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं, बच्चों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों एवं पोषण व्यवस्था की जानकारी ली तथा बच्चों से संवाद कर उनकी सीखने की क्षमता का अवलोकन किया। कमिश्नर श्री सिंह ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से केंद्र में उपस्थित बच्चों की संख्या की जानकारी ली। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि केंद्र में 18 बच्चे उपस्थित हैं। कमिश्नर श्री सिंह ने बच्चों की उपस्थिति और बढ़ाने के लिए अभिभावकों से निरंतर संपर्क करने तथा बच्चों को नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्र लाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। टीवी से खेल-खेल में अक्षरों की पहचान सीख रहे बच्चे कमिश्नर श्री सिंह ने आंगनवाड़ी केंद्र में लगे टीवी के संबंध में जानकारी लेते हुए पूछा कि टीवी कब से लगी है और इससे बच्चों को क्या लाभ मिल रहा है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि टीवी के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाया जा रहा है। बच्चे मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से अक्षरों की पहचान करना और सीखना शुरू कर चुके हैं। निरीक्षण के दौरान चार वर्षीय बालिका सुश्री रागिनी ने बिना किसी झिझक के कमिश्नर श्री सिंह एवं कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी के समक्ष ‘मछली जल की रानी है’ कविता सुनाई। अन्य बच्चों ने भी अल्फाबेट और गिनती पढ़कर सुनाई। बच्चों के आत्मविश्वास और शैक्षणिक स्तर को देखकर कमिश्नर श्री सिंह ने उनकी सराहना की। बच्चों को फल, चॉकलेट और बिस्कुट किए वितरित बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए कमिश्नर श्री सिंह एवं कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने आंगनवाड़ी केंद्र में उपस्थित सभी बच्चों को फल, चॉकलेट एवं बिस्कुट उपहार स्वरूप प्रदान किए। साथ ही केंद्र में दर्ज 0 से 6 माह आयु के बच्चों की माताओं को मच्छरदानी, कपड़े, बेडशीट, बैग आदि सामग्री की किट वितरित की गई। ‘बच्चों को अपने घर के बच्चे की तरह मानकर करें देखभाल -कमिश्नर श्री सिंह’ कमिश्नर श्री सिंह ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी ली तथा अच्छे कार्य के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि आज आंगनवाड़ी केंद्र में सीखने वाले यही बच्चे भविष्य में पढ़-लिखकर गांव के विकास में सहभागी बनेंगे। उन्होंने कार्यकर्ता को निर्देश दिए कि प्रत्येक बच्चे को अपने घर के बच्चे की तरह मानकर उसकी शिक्षा, पोषण और समग्र विकास पर विशेष ध्यान दें। शासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार का बच्चों को नियमित लाभ मिले, यह भी सुनिश्चित किया जाए। महिलाओं की समस्या पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री सिंह ने ग्राम लोही की महिलाओं से संवाद कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। महिलाओं ने ग्राम में नाली की समस्या से अवगत कराया। कमिश्नर श्री सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जनपद सीईओ को नाली निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्राम पंचायत के सरपंच, महिला एवं बाल विकास विभाग के डीपीओ, सीडीपीओ, तहसीलदार श्री जितेंद्र पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें