कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने पलेरा ब्लॉक के स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण बच्चों की कम उपस्थिति पर शिक्षकों से मांगा जवाब, शैक्षणिक स्तर की भी की समीक्षा

(टीकमगढ़)  कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने आज मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत पलेरा ब्लॉक के शासकीय माध्यमिक शाला मुर्राहा बाबा एवं आंगनवाड़ी केंद्र मुर्राहा बाबा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं, बच्चों की उपस्थिति, शैक्षणिक स्तर तथा पोषण आहार वितरण की स्थिति का जायजा लिया।

विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने कक्षा में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पाए जाने पर शिक्षकों से जानकारी ली और इस संबंध में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक समझ का परीक्षण किया तथा मौके पर जोड़-घटाना के सवाल पूछकर शैक्षणिक स्तर की समीक्षा की। कलेक्टर ने शिक्षकों को विद्यार्थियों की कम उपस्थिति के कारणों का पता लगाने तथा विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने संबंधित संकुल प्राचार्य एवं बीएसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा जिला शिक्षा अधिकारी को इस संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।तत्पश्चात कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को स्व-सहायता समूह के माध्यम से तैयार कर उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार की स्थिति की जानकारी ली तथा केंद्र पर पोषण आहार की उपलब्धता की मौके पर जांच की।

उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से पोषण आहार के वितरण एवं लाभार्थियों को उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र में उपस्थित बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें दिए जा रहे पोषण आहार एवं नाश्ते के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें