भाजपा नेता और नपा अध्यक्ष पति की दबंगई: सेवा संकल्प अभियान में खुद के शोरूम में नहीं जलाया एक भी दीपक, गाड़ी पर दोबारा लगाया अवैध हूटर

मैहर। RPKP INDIA NEWS
मैहर जिले में नियम-कानूनों की धज्जियां उड़ाने और दोहरे मापदंड अपनाने का एक बड़ा मामला सामने आया है। एक तरफ जहां पूरे देश और मैहर जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में दीप जलाकर उत्सव मनाया गया, वहीं दूसरी तरफ सत्ता के रसूख में डूबे जिम्मेदार नेताओं ने ही इस अभियान को ठेंगा दिखा दिया।

मैहर नगर पालिका अध्यक्ष के पति और भाजपा पिछड़ा वर्ग के जिला अध्यक्ष संतोष सोनी के स्वयं के प्रतिष्ठान ‘स्वर्णकला आभूषण’ में अभियान के दौरान एक भी दीपक जलता हुआ नजर नहीं आया। इस घटना के बाद स्थानीय जनता और विपक्षी गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि आम जनता को राष्ट्रवाद और सेवा का पाठ पढ़ाने वाले नेता खुद इन नियमों और अभियानों से दूरी बनाकर रखते हैं।

मजिस्ट्रेट कार्रवाई को दिखाया ठेंगा, गाड़ी पर फिर चमका ‘अवैध हूटर’
संतोष सोनी का विवादों से नाता यहीं खत्म नहीं होता। सत्ता के रसूख के चलते मैहर जिले में उनकी “नेतागिरी” चरम पर है। विगत दिनों जिले में चली मजिस्ट्रेट जांच और चेकिंग अभियान के दौरान संतोष सोनी की वीआईपी गाड़ी से अवैध रूप से लगा हूटर निकाल दिया गया था। उस समय प्रशासन ने उन पर कानूनी जुर्माना भी लगाया था और सख्त हिदायत दी थी कि दोबारा गाड़ी पर हूटर न लगाया जाए। लेकिन कानून को अपनी जेब में समझने वाले आदरणीय संतोष सोनी जी ने कुछ ही दिनों बाद कोर्ट और प्रशासन के आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए अपनी गाड़ी में पुनः हूटर लगवा लिया। अब वे इसी अवैध हूटर के साथ पूरे मैहर जिले में दिनभर शान से घूमते नजर आते हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जनता में आक्रोश:
“क्या नियम सिर्फ आम आदमी के लिए हैं? “इस पूरे घटनाक्रम को लेकर मैहर की जनता में भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर कोई आम आदमी बिना हेलमेट या बिना कागजात के पकड़ा जाए, तो पुलिस और प्रशासन उस पर सख्त कार्रवाई करते हैं। लेकिन सत्ताधारी दल के जिला अध्यक्ष और नपा अध्यक्ष पति खुलेआम नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। इस दोहरी व्यवस्था से साफ संदेश जाता है कि नियम और कानून सिर्फ आम आदमी को प्रताड़ित करने के लिए हैं, रसूखदारों के लिए नहीं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *