उज्जैन में बोले CM मोहन यादव: “जो अच्छा कार्य करना है, इसी जीवन में करना है”, जैन मंदिर में किया भूमि-पूजन

नवीन उपाश्रय भवन के निर्माण की रखी नींव, भगवान श्री शीतलनाथ स्वामी के किए दर्शन-पूजन

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मनुष्य के हाथ में न तो जन्म लेना है और न ही शरीर छोड़ना। जीवन में हमें जो समय मिला है, उसमें सत्कर्म करते हुए समाज और संसार के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में समाज और व्यवस्था दोनों का महत्व है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अच्छे कार्य करने के साथ सभी जीवों के प्रति दया, करुणा और सद्भाव का भाव रखना चाहिए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को उज्जैन के माधवनगर क्षेत्र में कंट्रोल रूम के सामने स्थित श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक तपागच्छ श्रीसंघ एवं उपाश्रय ट्रस्ट के नवीन उपाश्रय भवन के भूमि-पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान श्री शीतलनाथ स्वामी के दर्शन और विधिवत पूजन-अर्चन किया तथा नवीन उपाश्रय भवन के निर्माण के लिए भूमि-पूजन किया।

महावीर के विचारों से त्याग और करुणा का संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान महावीर के विचार मानव जीवन को त्याग, संयम, अहिंसा और करुणा का मार्ग दिखाते हैं। समाज में प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नवीन उपाश्रय भवन के निर्माण के लिए जैन समाज के सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि जीवन चक्र में रिश्ते-नातों की भी एक निर्धारित अवधि होती है। इसलिए मनुष्य को अपने हिस्से में मिले समय का सदुपयोग करते हुए अच्छे कार्य करने चाहिए। उन्होंने सभी जीवों के साथ आनंदपूर्वक रहने और प्रत्येक प्राणी के प्रति दया एवं करुणा रखने का संदेश दिया।

“तीन धाम, एक मुकाम” की अवधारणा पर बनेगा मंदिर

कार्यक्रम के दौरान समाजजनों ने मुख्यमंत्री को नवीन उपाश्रय भवन के निर्माण और उससे जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। प्रस्तावित भवन में ‘तीन धाम, एक मुकाम’ की अवधारणा के तहत मणिभद्र भगवान के मंदिर का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा ई-लायब्रेरी भवन भी प्रस्तावित है।

नवीन उपाश्रय भवन के माध्यम से धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए समाजजनों को सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराने की योजना है।

समाजजनों ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्वेताम्बर जैन समाज के सदस्य और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समाजजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आत्मीय स्वागत किया। ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय नाहर ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट किया।

भूमि-पूजन कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बालयोगी श्री उमेशनाथ जी महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति कलावती यादव, मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष ओम जैन, सिंहस्थ प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित श्वेताम्बर जैन समाज के सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें