अगरिया छापर औद्योगिक क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना का समयबद्ध विकास सुनिश्चित करें : आयुक्त एमएसएमई श्री पुरुषोत्तम

(भोपाल) सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम आयुक्त श्री कुमार पुरुषोत्तम ने भोपाल जिले में विकसित किए जा रहे नवीन औद्योगिक क्षेत्र अगरिया छापर का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में संचालित अधोसंरचना विकास कार्यों की भौतिक प्रगति, निर्माण गुणवत्ता और समयबद्धता की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, भोपाल तथा मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम के अधिकारियों ने आयुक्त श्री पुरुषोत्तम को निर्माणाधीन कार्यों, विकसित की जा रही नागरिक एवं तकनीकी सुविधाओं तथा आगामी कार्ययोजना की बिंदुवार जानकारी दी।

आयुक्त श्री पुरुषोत्तम ने निर्माण कार्यों का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्र का विकास निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भावी उद्यमियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बिजली, पानी, सड़क तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का विकास सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जाए। सभी कार्यों में निर्धारित तकनीकी मापदंडों का कड़ाई से पालन करते हुए गुणवत्ता की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि सुदृढ़ अधोसंरचना किसी भी औद्योगिक क्षेत्र के विकास का प्रमुख आधार है। अगरिया छापर में उद्यमियों को अनुकूल वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से नवीन उद्योगों की स्थापना और पूंजी निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा। नवीन औद्योगिक क्षेत्र अगरिया छापर के पूर्ण रूप से विकसित होने से भोपाल संभाग के औद्योगिक परिदृश्य को नई गति मिलेगी। इससे क्षेत्र में नवीन निवेश का मार्ग प्रशस्त होने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें