पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से पश्चिम मध्यप्रदेश में 74 हजार से अधिक उपभोक्ता लाभान्वित

केंद्र शासन से प्रति उपभोक्ता 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी, मालवा-निमाड़ में अब तक 505 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित
‘मेरी छत, मेरी बिजली’ का नारा हो रहा बुलंद, इंदौर जिले में 41 हजार परिसरों में हो रहा सौर ऊर्जा का उत्पादन

(भोपाल)  मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी एवं तेजी से क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के माध्यम से पश्चिम मध्यप्रदेश के मालवा-निमाड़ क्षेत्र में बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपने घरों एवं परिसरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन कर रहे हैं। अब तक क्षेत्र में 74 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए हैं। पात्र उपभोक्ताओं को केंद्र शासन की ओर से अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है।

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अब तक मालवा-निमाड़ क्षेत्र में लगभग 505 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि केंद्र शासन के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के माध्यम से पात्र उपभोक्ताओं के बैंक खातों में जमा हो चुकी है। सब्सिडी राशि का वितरण निरंतर जारी है। योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ ही उपभोक्ताओं के बिजली खर्च में कमी आने तथा स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहन मिल रहा है।

मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री अनूप कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देशानुसार सौर ऊर्जा से संबंधित प्रकरणों का तेजी से निराकरण एवं अनुमोदन किया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना लागू होने के बाद मालवा-निमाड़ क्षेत्र में रूफटॉप सोलर संयंत्रों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और यह संख्या पांच गुना से अधिक हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में मालवा-निमाड़ क्षेत्र में विभिन्न सौर ऊर्जा योजनाओं के माध्यम से 91 हजार से अधिक परिसरों में सौर ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है। इन संयंत्रों की कुल क्षमता 525 मेगावाट से अधिक हो चुकी है। इनमें प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जुड़े 74 हजार से अधिक लाभान्वित उपभोक्ता शामिल हैं। सौर ऊर्जा को मिल रहे व्यापक प्रोत्साहन को देखते हुए आगामी समय में मालवा-निमाड़ क्षेत्र में अपने परिसरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या एक लाख तक पहुंचने की उम्मीद है।

इंदौर जिला सौर ऊर्जा उत्पादन में अग्रणी

      प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में इंदौर जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। श्री सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत इंदौर शहर में 29 हजार से अधिक उपभोक्ता योजना से जुड़ चुके हैं, जबकि पूरे इंदौर जिले में 33 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने योजना के अंतर्गत सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए हैं।

सभी सौर ऊर्जा योजनाओं को मिलाकर इंदौर जिले में वर्तमान में 41 हजार परिसरों में सौर ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है। यह संख्या मध्यप्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में काफी अधिक है। इससे इंदौर जिले में ‘मेरी छत, मेरी बिजली’ का संदेश निरंतर मजबूत हो रहा है और नागरिक अपने घरों की छतों को ऊर्जा उत्पादन के केंद्र के रूप में उपयोग कर रहे हैं।

कंपनी स्तर पर सौर ऊर्जा उत्पादन के मामले में इंदौर के बाद उज्जैन जिला 8 हजार 400 परिसरों के साथ दूसरे स्थान पर है। इसी क्रम में रतलाम जिले में 7 हजार 800, मंदसौर जिले में 5 हजार 500 तथा देवास जिले में लगभग 5 हजार परिसरों में सौर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं।

तीन किलोवाट के संयंत्र पर अधिकतम 78 हजार रुपये की सब्सिडी

      प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत घरेलू परिसरों पर सोलर पैनल स्थापित करने वाले पात्र उपभोक्ताओं को केंद्र शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सब्सिडी प्रदान की जा रही है। एक किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर 30 हजार रुपये, दूसरे किलोवाट पर 30 हजार रुपये तथा तीसरे किलोवाट पर 18 हजार रुपये, इस प्रकार तीन किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र स्थापित करने पर अधिकतम 78 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त होती है।

यह सब्सिडी राशि केंद्र शासन द्वारा डीबीटी के माध्यम से सीधे पात्र उपभोक्ता के बैंक खाते में जमा की जाती है। इससे उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए आर्थिक प्रोत्साहन मिल रहा है तथा घरेलू स्तर पर अक्षय ऊर्जा को अपनाने की दिशा में तेजी आई है।

सौर ऊर्जा प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए विशेष प्रकोष्ठ कार्यरत

      प्रबंध निदेशक श्री अनूप कुमार सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा सौर ऊर्जा से संबंधित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, अनुमोदन तथा पात्र उपभोक्ताओं को समय पर सब्सिडी का लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रकोष्ठ कार्यरत है। इस प्रकोष्ठ में अतिरिक्त मुख्य अभियंता स्तर के अधिकारी प्रभारी के रूप में कार्य कर रहे हैं।

इसके साथ ही प्रत्येक जिले में अधीक्षण यंत्री द्वारा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना सहित सौर ऊर्जा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की सतत समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों को सौर ऊर्जा संयंत्रों से संबंधित प्रकरणों का समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा पात्र उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।

मालवा-निमाड़ क्षेत्र में सौर ऊर्जा के प्रति बढ़ती जागरूकता और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से ‘ मेरी छत, मेरी बिजली’ की अवधारणा तेजी से साकार हो रही है। आने वाले समय में सौर ऊर्जा संयंत्रों की संख्या में और वृद्धि होने से क्षेत्र में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा उत्पादन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें