कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक संपन्न
(जबलपुर) कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्टर सभाकक्ष में समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर नीता राठौर, शैलेंद्र सिंह एवं अखिलेश सिंह तथा सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने आगामी मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान और सेवा से संकल्प अभियान के अंतर्गत संवाद संपर्क केंद्र के पोर्टल की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि पोर्टल पर कार्यक्रमों के फोटो, वीडियो और गतिविधियों से संबंधित प्रविष्टियां दर्ज की जा रही हैं। उन्होंने अभियान के अंतर्गत जनसेवा से जुड़ी प्रेरणादायक ‘सेवा की कहानियां’ तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को भी सामने लाया जाए।
उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता की भी समीक्षा की गई। उन्होंने विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में भी सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गतिविधियां आयोजित करने के लिए कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने वन ग्राम एवं राजस्व ग्राम से संबंधित प्रकरणों से जुड़े मामलों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा के दौरान सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों को कार्ययोजना और प्रगति की रिपोर्ट निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने छात्रावासों में विद्यार्थियों की उपस्थिति,भोजन की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा छात्रावास अधीक्षकों एवं छात्र नायकों के साथ बैठकें आयोजित कर विद्यार्थियों की समस्याओं की भी जानकारी ली जाए।
कलेक्टर श्री सिंह ने एल्गिन अस्पताल में जल आपूर्ति, पाइपलाइन डालने, जनरेटर, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्था की समीक्षा की गई। उन्होंने अस्पताल में नर्मदा जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा बिजली कटौती से होने वाली परेशानियों को दूर करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान 108 एम्बुलेंस सेवा के रिस्पॉन्स टाइम में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों को विद्यालयों और छात्रावासों का नियमित निरीक्षण कर विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं तथा भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में गौशालाओं के संचालन एवं पंजीयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अपूर्ण गौशालाओं का निर्माण कार्य पूरा कराने तथा तैयार गौशालाओं को शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपंजीकृत एवं बंद गौशालाओं के पंजीयन और संचालन की प्रक्रिया में तेजी लाएं।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, राजस्व प्रकरणों एवं अन्य लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को पुराने प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मामलों में आवश्यक दस्तावेज, जांच और नियमानुसार कार्रवाई पूरी की जाए।
बैठक की शुरुआत में जनगणना एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की भी जानकारी दी गई। अधिकारी ने बताया कि जनगणना का प्रथम चरण पूर्ण हो चुका है, तथा द्वितीय चरण की प्रक्रिया जल्द ही शुरू हो जाएगी।
