विसर्जन स्थलों पर प्रकाश और सुरक्षा की चौक-चौबंद व्यवस्थायें करें-कलेक्टर
समय-सीमा प्रकरणों की बैठक संपन्न
कलेक्टर ने कहा कि बाढ प्रभावित क्षेत्रों में नुकसानी की स्वीकृत राहत राशि और 50 किलो ग्राम खाद्यान्न का वितरण संबंधितों को अगली टीएल तक हो जाना चाहिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय निकायों को मानसून के उपरांत की जाने वाली कार्यवाहियों को पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सुनिश्चित करें कि दूषित जल जन्य बीमारियां और मच्छर जनित बीमारियां नहीं फैले। इसके लिए रहवासी क्षेत्रों तथा स्कूल, कॉलेज और हास्टल में रहने वाले छात्रों के लिए विशेष प्रयास करें। लोगों में साफ स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने जागरूकता के कार्यक्रम और अपील की जाये। स्थानीय निकाय और स्वास्थ्य विभाग मच्छरों के लिए फागिंग और टेमोफास, लार्बीसाइट दवा का छिडकाव कराये। कलेक्टर ने कहा कि अगले शुक्रवार को रामपुर बघेलान विकासखण्ड में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान होगा। उन्होंने जिले में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर भी लगाने के निर्देश दिये।
श्री गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि एसडीएम और सीईओ अपने क्षेत्र के विसर्जन स्थलों का दौरा कर सभी सुरक्षात्मक उपाय पूरे कर लें। लोक निर्माण विभाग आवश्यकतानुसार बैरिकेटिंग लगाये। लोगों से अपील की जाये कि प्रतिमा विसर्जन के लिए इन्हीं निर्धारित स्थलों का उपयोग करें। इसके अलावा अन्य जल स्त्रोत यां स्थलों पर विसर्जन नहीं करें। उर्वरक वितरण की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने धान खरीदी की तैयारियों और पंजीयन के संबंध में जानकारी ली। प्रबंधक नान ने बताया कि गत वर्ष 4.5 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई थी। इस वर्ष 5 लाख मीट्रिक टन खरीदी का अनुमान है। कलेक्टर ने उपार्जित धान के भण्डारण की उपलब्ध क्षमता की जानकारी लेते हुए ओपेन कैंप के माध्यम से भण्डारण क्षमता और बढाने के निर्देश दिये।
स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा में एलडीएम गौतम शर्मा ने बताया कि कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए 20 का लक्ष्य है। जिसे लाटरी सिस्टम से पूर्ण कर लिया जायेगा। इसी प्रकार स्वरोजगार की सभी विभागों की योजनाओं में प्रगति बेहतर है। दिसम्बर माह तक सभी योजनाओं की वार्षिक लक्ष्यों की पूर्ति कर ली जायेगी।
अत्याचार निवारण में 569 प्रकरण स्वीकृत
कलेक्टर एवं जिला मजिस्टेªट डॉ. सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में सम्पन्न अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत स्वीकृत राहत राशि के प्रकरणों की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 569 प्रकरण स्वीकृत किये गये है। जिनमें 424 प्रकरणों में राहत राशि भुगतान कर दी गई है। शेष 155 स्वीकृत प्रकरणों में राशि प्राप्त होते ही भुगतान कर दिया जायेगा। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह एवं अनुसूचित जाति, जनजाति थाना के प्रभारी भी उपस्थित थे।
खनिज विभाग की टास्क फोर्स समिति की बैठक
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने सोमवार को सम्पन्न जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक में खनिजों के अवैध परिवहन, उत्खनन और भण्डारण पर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जांच दल जब भी फील्ड में जाये तो संयुक्त रूप से भ्रमण कर कार्यवाही करें। दल के साथ आबकारी और खनिज विभाग के अधिकारी भी रहे। बताया गया कि अवैध खनिज परिवहन, उत्खनन के 50 प्रकरणों में एक करोड से अधिक की राशि जुर्माना के तौर पर जमा कराई गई है। बैठक में सोहावल मोड के पास अवैध रूप से बालू भरे ट्रकों के खडा रहने पर खनिज और ट्रैफिक विभाग को कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, डीएफओ मयंक चांदीवाल, खनिज अधिकारी घनश्याम सिंह यादव भी उपस्थित रहे।
6 अक्टूबर को होगा डिवार्मिंग दिवस
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि 6 अक्टूबर को कृमिनाशक दवा एल्बेन्डाजोल टेबलेट खिलाने अभियान शुरू किया जायेगा। डिवार्मिंग डे से शुरू हुए अभियान में 9 अक्टूबर को माप अप राउण्ड चलाया जायेगा।
रोड सेफ्टी की बैठक
सडक सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने जीरो फैटेलिटी प्रोग्राम के तहत जिले की सडकों पर 150 चिन्हित स्थान (पाइंट) पर संबंधित क्षेत्र के एसडीएम और तहसीलदार सहित सडक निर्माण विभागों के अधिकारियों को संयुक्त सर्वे करने के निर्देश दिये।
