शासन के निर्देशानुसार आउटसोर्ट कर्मचारियों के भुगतान माह की 7 तारीख तक करना सुनिश्चित करें सीएम हेल्पलाइन शिकायतों
सेवा संकल्प अभियान एवं जनविश्वास शिविर की तैयारियों की समीक्षा की कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने टीएल बैठक में दिए निर्देश
(टीकमगढ़) कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा (टीएल) बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों सहित विभिन्न अभियानों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।सीएम हेल्पलाइन की माहवार ग्रेडिंग एवं शिकायतों के निराकरण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने कम निराकरण वाले अधिकारियों के प्रति असंतोष व्यक्त किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए ऐसे अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह को प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए, ताकि लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अभियान से संबंधित पोर्टल पर सभी एंट्री समय पर पूर्ण की जाएं। उन्होंने सेवा सेतु अंतर्गत चयनित 25 सेवाओं से संबंधित सभी गतिविधियों को निर्धारित कैलेंडर के अनुसार समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।इसके साथ ही बैठक में जनपद टीकमगढ़ में लगने वाले आगामी जनविश्वास शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
साथ ही पूर्व में पूर्ण हुए जनविश्वास शिविर के निरीक्षण के पालन प्रतिवेदन सुनिश्चित करने एवं पाई गई कमियों पर कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने लुहर्रा-सुकोरा मार्ग के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित राजस्व अधिकारियों को 20 दिवस के भीतर मार्ग के लिए आवश्यक भूमि का चिन्हांकन कर वन विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्ग निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जा सके।
कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के भुगतान माह की 7 तारीख तक अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आवश्यक विभागीय कार्यवाहियां समय पर पूर्ण करें, ताकि कर्मचारियों का भुगतान निर्धारित समय-सीमा में किया जा सके।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विशाल धाकड़, अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह, संयुक्त कलेक्टर श्री कुशल सिंह गौतम, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती शुभ्रता त्रिपाठी, श्री रमेश परमार एवं श्रीमती अंजली शर्मा, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटोरिया, एसडीएम जतारा श्री नीरज खरे, एसडीएम बल्देवगढ़ श्री निशांत भूरिया, जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी श्री रामबाबू गुप्ता, जिला लोक सेवा प्रबंधक श्री अमन गोयल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
