सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत जिले में 2 से 10 अक्टूबर तक होंगी विभिन्न सेवा गतिविधियां कलेक्टर श्री तिवारी ने संबंधित विभागों को प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
(कटनी) सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिले में “सेवा मेरा योगदान” अभियान का आयोजन 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक किया जाएगा। अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, वृद्धजन सेवा, अनाथालय सेवा, नेत्र परीक्षण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, वृक्षारोपण, सैनिक परिवारों के सम्मान तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने संबंधित विभागों को अभियान की गतिविधियों का प्रभावी एवं जनभागीदारी के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।ये गतिविधियां होंगी आयोजित अभियान के तहत 2 अक्टूबर को “स्वच्छता ही सेवा” गतिविधि के तहत स्वच्छता कर्मियों का सम्मान, प्लास्टिक मुक्त परिसर का सामूहिक संकल्प, स्वच्छता जागरूकता रैली एवं जनसंवाद आयोजित किए जाएंगे। गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, कचरा प्रबंधन तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष जोर रहेगा। जल स्रोतों, घाटों, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों सहित सार्वजनिक स्थानों पर श्रमदान एवं स्वच्छता गतिविधियां होंगी।इसी प्रकार 3 अक्टूबर को जिला, विकासखंड, नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें सामान्य स्वास्थ्य जांच, आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श और जरूरतमंदों को आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। गंभीर मामलों को संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने में सहयोग किया जाएगा।
इसी प्रकार 4 अक्टूबर को वृद्धाश्रमों में वृद्धजनों से आत्मीय संवाद, भोजन एवं आवश्यक सामग्री का वितरण, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छ जीवनशैली एवं रोगों से बचाव जांच तथा मनोरंजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी दिन अनाथालयों में बच्चों के साथ संवाद, भोजन एवं फल वितरण, कपड़े, जूते-चप्पल, स्टेशनरी सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी तथा खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित होंगी। 6 अक्टूबर को विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों के माध्यम से नेत्र परीक्षण एवं दृष्टि संबंधी समस्याओं की जांच की जाएगी। जरूरतमंद व्यक्तियों को संभवतानुसार निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे तथा गंभीर मामलों को उपचार एवं ऑपरेशन के लिए संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने में सहयोग किया जाएगा। 8 अक्टूबर को दिव्यांगजनों के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। आवश्यक सामग्री एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग के साथ खेल, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन होगा। प्रतिभावान दिव्यांगजनों का सम्मान तथा उनके द्वारा निर्मित सामग्री की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। वहीं 9 अक्टूबर को वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसमें “एक पेड़ मां के नाम”, “एक व्यक्ति-एक पौधा” और “एक परिवार-एक पौधा” अभियान के माध्यम से जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसी दिन वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के सम्मान किया जाएगा।
इसके अलावा 10 अक्टूबर को जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल बैग, पुस्तकें, कॉपियां, स्टेशनरी, यूनिफॉर्म, जूते एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की जाएगी। “एक विद्यार्थी-एक संकल्प” पहल के माध्यम से सक्षम नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों से जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में दीर्घकालीन सहयोग का आह्वान किया जाएगा।जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता कलेक्टर श्री तिवारी ने अभियान की सभी गतिविधियों में संबंधित विभागों, नगरीय निकायों, पंचायत संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि “सेवा मेरा योगदान” अभियान को केवल आयोजन तक सीमित न रखते हुए सेवा, संवेदनशीलता और जनभागीदारी की स्थायी भावना से जोड़ा जाए।
