दीपावली पर पटाखा विक्रय के लिए ऑनलाइन जारी होंगे अस्थाई लाइसेंस धनतेरस से ग्यारस तक 15 दिवस के लिए जारी होगी अस्थाई अनुज्ञप्ति, आबादी क्षेत्र से दूर सुरक्षित स्थलों का होगा चयन
(कटनी) आगामी दीपावली पर्व के अवसर पर आतिशबाजी के फुटकर विक्रय के लिए अस्थाई अनुज्ञप्ति जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। इच्छुक आवेदकों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्राप्त कर उनकी विधिवत जांच एवं संबंधित अधिकारियों के अभिमत के आधार पर अस्थाई लाइसेंस ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। अस्थाई अनुज्ञप्ति की अवधि धनतेरस से ग्यारस तक 15 दिवस निर्धारित की गई है। इस संबंध में अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा ने आयुक्त, नगर निगम सहित सभी एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र लिखा है।एमपी सर्विसेज पोर्टल से होंगे आवेदन अस्थाई आतिशबाजी विक्रय अनुज्ञप्ति के लिए इच्छुक आवेदकों को निर्धारित आवेदन प्रारूप ए.ई.-5 में 500 रुपये के बैंक चालान (मद 0070-60103) के साथ आवेदन करना होगा। संबंधित अनुविभागीय अधिकारी आवेदनों की जांच कर प्रतिवेदन एवं अभिमत प्राप्त करने के बाद ऑनलाइन अनुज्ञप्ति जारी करने की कार्यवाही करेंगे। आवेदन प्रक्रिया के लिए MP Services Portal के माध्यम से अनुभागवार यूजर आईडी उपलब्ध कराई गई हैं।
जारी अनुज्ञप्तियों की प्रतियां जिला कार्यालय को भी भेजी जाएंगी।एलएसडीए मॉड्यूल से ऑनलाइन जारी होंगे अनुज्ञापत्र पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) के निर्देशों के अनुसार विस्फोटक नियमों के तहत जारी होने वाली एनओसी एवं विस्फोटक परिसरों से संबंधित अनुज्ञप्तियां ऑनलाइन माध्यम से एलएसडीए मॉड्यूल के जरिए जारी की जाएंगी। इनमें दीपावली पर्व पर अस्थाई पटाखा विक्रय के अनुज्ञापत्र भी शामिल हैं।आबादी से दूर सुरक्षित स्थानों पर लगेंगे पटाखा बाजार सुरक्षा एवं जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए आतिशबाजी के फुटकर विक्रय के लिए आबादी क्षेत्र से दूर सुरक्षित स्थलों का संयुक्त रूप से चयन करने के निर्देश दिए गए हैं। चयनित स्थलों पर शर्तों के साथ पटाखा विक्रय बाजार लगाने की अनुमति दी जाएगी। इन स्थलों का लेआउट निर्धारित सुरक्षा मापदंडों के अनुरूप तैयार कराया जाएगा।निर्देशों के तहत जारी अस्थाई अनुज्ञप्तियों तथा तैयार किए गए लेआउट की एक-एक प्रति उपसंचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग तथा जिला कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी।
