मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिए निर्देश
सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दें – मुख्यमंत्री नशे के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही के साथ जन जागरूकता अभियान भी चलाएं – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के विरूद्ध हर जिले में प्रभावी अभियान चलाएं। नशे के सौदागरों पर कड़ी कार्रवाई करने के साथ नशामुक्त भारत अभियान के तहत व्यापक जन जागरूकता अभियान भी चलाएं। भूलवश नशे की गिरफ्त में आ गए युवाओं को नशामुक्ति केन्द्र के माध्यम से पुनर्वास के प्रयास करें। जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की हर माह अनिवार्य रूप से बैठक करके पोर्टल पर कार्यवाही विवरण अपलोड करें। नशे का आदतन कारोबार करने वाले अपराधियों के सम्पत्ति की जब्ती की भी कार्रवाई करें। बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नशे के विरूद्ध निगरानी बढ़ाएं। बैठक में मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा के संबंध में की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुगम बस सेवा के लिए सभी जिलों में बस डिपो और बस टर्मिनल की व्यवस्था कराएं। यह बस सेवा बस आपरेटर्स के सहयोग से संचालित की जाएगी। बसों में आधुनिक उपकरण लगाकर उनकी निगरानी की जाएगी। ऐप के माध्यम से आम जनता बसों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला परिवहन सलाहकार समिति का गठन किया गया है। समिति की नियमित रूप से बैठक करके स्थानीय बस आपरेटर्स तथा यात्रियों का सहयोग प्राप्त करें। सुगम बस सेवा से संबंधित पोर्टल बनाया जा रहा है। पोर्टल के माध्यम से बस संचालन से जुड़ी हर जानकारी की निगरानी होगी और सूचनाएं मिलेंगी। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, अन्य मंत्रीगण, मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सतना कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौडा, अपर कलेक्टर विकास सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सपना त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी समीक्षा बैठक में शामिल हुए।
