कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश पर राजस्व और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने किया इमलिया स्थित नितिन ट्रेडर्स फैक्ट्री का निरीक्षण 12 बोरियों में रखे बिना लेबल वाले मसाले नष्ट, तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लिए खाद्य कारोबारकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी

(कटनी)  जिले के नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्‍तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्‍ध कराने के कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा दिये गये निर्देश के पालन में राजस्व और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को इमलिया स्थित नितिन ट्रेडर्स फैक्ट्री का निरीक्षण किया। जांच के दौरान फैक्ट्री में खाद्य सुरक्षा मानकों से संबंधित कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में कार्यरत कर्मचारी एप्रन, ग्लव्स सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करते नहीं पाए गए। साथ ही, कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी नहीं कराया गया था। खाद्य पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे तेल और पैकेट पर अंकित जानकारी में भी अंतर पाया गया। मौके पर खाद्य पदार्थों को राइस ब्रान ऑयल में फ्राई किया जा रहा था, जबकि लेबल पर पाम ऑयल का उपयोग अंकित था।

इसके अलावा, निर्मित खाद्य पदार्थों की जांच नियमानुसार एनएबीएल से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला से नहीं कराई गई थी।बिना जरूरी जानकारी के मिले 12 बोरी मसाले  जांच के दौरान फैक्ट्री के गोदाम में 25-25 किलोग्राम की 12 बोरियों में रखे मिक्स मसाले मिले। इन बोरियों पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, बैच नंबर, निर्माता फर्म का नाम और एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर जैसी आवश्यक जानकारियां अंकित नहीं थीं। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक विवरण नहीं होने के कारण टीम ने मौके पर ही इन मसालों का विनष्टीकरण कराया।

नष्ट किए गए मसालों की अनुमानित कीमत लगभग 36 हजार रुपये बताई गई है।तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लिए  जांच के दौरान टीम ने मिक्स मसाले के साथ गुणवत्ता को लेकर संदेह के आधार पर टोमेटो केचप और नाइस फ्राइम्स के नमूने भी लिए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया जा रहा है। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।  इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार श्री आकाश नीरज, तहसीलदार श्री दुबे एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री आप साहू उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *