विजयादशमी उत्सव पर कैमोर में संघ का भव्य पथ संचलन, नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वयंसेवकों का स्वागत

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 101 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, सद्भाव और पंच परिवर्तन का दिया संदेश

कैमोर। RPKP INDIA NEWS राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना के 101 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विजयादशमी उत्सव के अवसर पर कटनी जिले के कैमोर नगर में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। अनुशासन, एकता और राष्ट्रसेवा के संदेश के साथ निकला यह संचलन नगरवासियों के आकर्षण का केंद्र रहा।

पथ संचलन का शुभारंभ सरस्वती शिशु मंदिर, खलवारा से हुआ। यहां से स्वयंसेवक कदमताल करते हुए खलवारा बाजार के रास्ते बस स्टैंड स्थित काली माई मंदिर पहुंचे। नगर के विभिन्न चौराहों पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन एवं स्वागत किया। कार्यक्रम में कथावाचक चंद्रभान पयासी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला कार्यवाह संजय त्रिपाठी ने नगरवासियों को संबोधित करते हुए सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और सामाजिक भेदभाव को समाप्त कर एकजुट रहने का संदेश दिया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गतिविधियों एवं समाज के प्रति उसके विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए संघ द्वारा निर्धारित पंच परिवर्तन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने समाज में एकता, समरसता और सकारात्मक बदलाव के लिए सभी को मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कैमोर नगर के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। अनुशासन और राष्ट्रहित की भावना से ओतप्रोत पथ संचलन के माध्यम से राष्ट्रसेवा, सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया गया।

✍️ संतोष प्रसाद तिवारी
    RPKP INDIA NEWS
               कैमोर

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें