टीकाकरण सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में लक्ष्यानुसार प्रगति लायें
कलेक्टर ने की स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं किल कोरोना की समीक्षा
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने जिले में टीकाकरण सहित सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में लक्ष्यानुसार प्रगति लाने के निर्देश दिये। किल कोरोना अभियान की समीक्षा करते हुये कलेक्टर ने डेडीकेटेड कोविड हेल्थ सेन्टर और कोविड केयर सेन्टर में भर्ती मरीजों की चिकित्सा उपचार एवं अन्य सेवाओं की समीक्षा की। शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम और किल कोरोना अभियान की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने जिला मुख्यालय पर कोविड कमाण्ड एवं कन्ट्रोल सेन्टर की स्थापना कर टेली मेडीसिन व्यवस्था को और भी प्रभावी बनाने के निर्देश दिये हैं। इस मौके पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 आर0बी0 सिंह, सिविल सर्जन डॉ0 यशवंत वर्मा, जिला प्रबंधक एनएचआरएम घनश्याम मिश्रा सहित बीएमओ भी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि कोविड-19 के पॉजीटिव आईसोलट मरीजों की चिकित्सीय स्थिति के पर्यवेक्षण के लिये जिलास्तर पर कोविड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर की स्थापना कर वीडियो कॉलिंग के माध्यम से मॉनीटरिंग की प्रभावी व्यवस्था की जाये। इस सेन्टर पर 24 घंटे एक एम्बुलेन्स की व्यवस्था रहेगी। जिससे आवश्यकता पड़ने पर होम आईसोलेशन में रहने वाले मरीजों को तत्काल स्वास्थ्य संस्था में पहुंचाने की सुनिश्चित व्यवस्था की जा सके। कलेक्टर श्री सिंह ने कोविड केयर सेन्टर और डेडीकेटेड कोविड हेल्थ सेन्टर में भर्ती मरीजों की उपचार एवं चिकित्सा सहित मरीजों के भोजन, पेयजल, प्रसाधन एवं सेन्टर की साफ-सफाई, सैनीटाईजेशन कार्य की समीक्षा की।
राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुये कलेक्टर श्री सिंह ने टीकाकरण का प्रतिशत 70 पाये जाने पर प्रगति लाकर लक्ष्यानुसार शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि जिला चिकित्सालय सहित जिले के अन्य सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में उपचार एवं अन्य मरीजों की सुविधायें दुरुस्त रखी जायें। बैठक में मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम, अंधत्व निवारण कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में प्रगति लाकर लक्ष्यपूर्ति करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये हैं।

