कलेक्टर ने ग्राम डोडी एवं अवंतिपुर बड़ोदिया में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी –
( शाजापुर )
कलेक्टर श्री दिनेश जैन ने आज ग्राम डोडी एवं अवंतिपुर बड़ोदिया पहुंचकर सोयाबीन की फसल को देखा एवं ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने बताया कि पार्वती नदी में बाढ़ आने के कारण सोयाबीन की फसल पूर्ण रूप से खराब हो गई है। बाढ़ के पानी से प्याज एवं अनाज खराब हो गए है। साथ ही पालतू मवेशियों के लिए भूसा एवं घांस न होने के कारण बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पार्वती नदी में बाढ़ आने के कारण उनके गांव में पानी भर गया था, जिससे उन्हें काफी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि उनकी सोयाबीन फसल का सर्वे कराकर उन्हें मुआवजा प्रदान किया जाए। इस पर कलेक्टर श्री जैन ने राजस्व अधिकारी को समस्त किसानों की फसलों का सर्वे कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने बीपीएल पात्र हितग्राहियों को राशन प्रदान करने तथा बाढ़ ग्रस्त लोगों को राशन देने के निर्देश दिये। इसी तरह अवंतिपुर बड़ोदिया में किसानों ने भी सोयाबीन की खराब हुई फसल दिखाई। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री नवीन शिंदे, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शुजालपुर श्री प्रकाश कस्बे भी मौजूद थे।
तहसील कार्यालय का निरीक्षण
कलेक्टर श्री दिनेश जैन ने आज अवंतिपुर बड़ोदिया एवं पोलायकलां तहसील कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने अवंतिपुर बड़ोदिया एवं पोलायकलां में निर्माणाधीन तहसील कार्यालय भवन का भी निरीक्षण कर ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने के लिए कहा। अवंतिपुर बड़ोदिया में कलेक्टर श्री जैन ने लोक सेवा केन्द्र में पहुंचकर केन्द्र में दी जानी वाली सेवाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही हितग्राहियों को निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिये।
