बहोरीबंद शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए कलेक्टर
समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश बहोरीबंद में 84 ग्रामीणों ने रखीं अपनी समस्याएं और मांगें, कलेक्टर ने कहा—पात्र हितग्राहियों को मिले शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ
(कटनी) ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके गांव और क्षेत्र में ही सुनिश्चित करने की दिशा में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को जनपद पंचायत बहोरीबंद में जनसंवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में 84 ग्रामीण विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेकर नियमानुसार परीक्षण और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निराकरण में समय-सीमा के साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। पात्रतानुसार कार्रवाई कर आवेदकों को राहत पहुंचाई जाए, ताकि उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
शिविर में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार, एसडीएम बहोरीबंद श्री श्लोक वायकर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
