बाल गृह में घर जैसे वातावरण का करें निर्माण – कलेक्टर
बाल गृह में घर जैसे वातावरण का करें निर्माण – कलेक्टर

विगत माह पालने ने मिली बालिका का बाल दिवस के शुभ अवसर पर हुआ नामकरण
अनूपपुर 15 नवम्बर 2019/
बाल गृह में बच्चों के उचित खान पान स्वास्थ्य शिक्षा के साथ साथ ऐसे वातावरण का निर्माण आवश्यक है जहां बच्चे सहजता का अनुभव करें। कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर बाल दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रैट सभाकक्ष में आयोजित ज़िला बाल संरक्षण समिति की समीक्षा बैठक में निर्देश दे रहे थे। आपने कहा बाल गृह में घर जैसे वातावरण का निर्माण बच्चे के सर्वांगीण विकास में अहम है। इस दौरान आपके द्वारा बाल संरक्षण समिति के कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गयी एवं सम्बन्धितों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। इस दौरान कलेक्टर द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान अंतर्गत अब तक की गयी गतिविधियों की समीक्षा की गयी एवं भविष्य की कार्ययोजना हेतु ज़िला स्तरीय टास्क फ़ोर्स को आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए।
बाल दिवस के शुभ अवसर पर विगत माह महिला एवं बाल विकास द्वारा ज़िला अस्पताल में संचालित पालने में प्राप्त नवजात बालिका का नामकरण किया गया। कलेक्टर द्वारा बालिका को ‘ऊर्जा’ नाम दिया गया। आपने महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों की बालिका की देखरेख में की गयी कार्यवाही की सराहना की एवं नियमित रूप से बालिका के स्वास्थ्य की निगरानी करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि गम्भीर हालत में प्राप्त बालिका की देखरेख वर्तमान के जबलपुर मेडिकल कॉलेज में की जा रही है, सहायक संचालक महिला सशक्तिकरण मंज़ुशा शर्मा ने बताया कि बालिका के स्वास्थ्य में काफ़ी सुधार हुआ है।
पुलिस अधीक्षक किरणलता केरकेट्टा ने कहा ऐसे बच्चे जो किसी दुर्घटना की वजह से अपने परिजनों से बिछड़े अथवा परिजनों को खो दिया या किसी अन्य अपराध के घटित होने के कारण वह बाल गृह पहुँचे, ऐसी परिस्थितियों में उनकी मानसिक स्थिति पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। ऐसे बच्चों को भयमुक्त कर उनकी मानसिक स्थिति सही करने हेतु समय समय पर काउन्सलिंग किया जाना आवश्यक है। इस हेतु आपने सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख न्यायाधीश किशोर न्याय बोर्ड ज्योति राजपूत, ज़िला कार्यक्रम अधिकारी विनोद परस्ते, श्रम अधिकारी मोहन दुबे, महिला सेल से सुनीता गुप्ता, शिक्षा विभाग स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी समेत चाइल्डलाइन समन्वयक, ममता बाल गृह अधीक्षक उपस्थित थे।
