धान उपार्जन कार्य में परिवहन और भुगतान की गति बढ़ायें – कमिश्नर
कटनी –
कमिश्नर जबलपुर संभाग बी. चन्द्रशेखर ने धान उपार्जन कार्य में खरीदी केन्द्रों से खरीदी धान का परिवहन और किसानों को विक्रीत धान की कीमत के भुगतान कार्य में गति बढ़ाने के निर्देश दिये हैं। कमिश्नर श्री चन्द्र शेखर ने गुरुवार को जिले के विभिन्न विभागों की गतिविधियों, योजनाओं, कार्यक्रमों एवं विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिये। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा, आयुक्त नगर निगम सतेन्द्र धाकरे, एसडीएम रोहित सिसोनिया, प्रिया चन्द्रावत, बलबीर रमन, डिप्टी कलेक्टर नदीमा शीरी, संघमित्रा गौतम सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
कमिश्नर श्री चन्द्रशेखर ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक लेकर मनरेगा, ग्रामीण विकास विभाग, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, पथ विक्रेता योजना ग्रामीण, शहरी, उपार्जन खाद्य विभाग की समीक्षा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मिलावट के विरुद्ध अभियान, कृषि विभाग, उद्यानिकी और उद्योग विभाग की समीक्षा की। सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे ने बताया कि गरीब कल्याण योजना के तहत शामिल जिलों में कटनी टॉप थ्री में शामिल हैं। सभी घटकों में शत्-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है। जिले में ग्रामीण विकास के 114842 कुल कार्य स्वीकृत हैं। जिनमें 101303 निर्माण कार्य पूरे कर लिये गये हैं। गौशालाओं में 29 गौशाला के निर्माण पूरे कर 12 गौशालाओं का संचालन प्रारंभ हो गया है। महिला स्वसहायता समूहों के माध्यम से 6 शासकीय नर्सरी विकसित की गई हैं। जिनमें 60 हजार से अधिक पौधे तैयार किये गये हैं।

कमिश्नर श्री चन्द्रशेखर ने कहा कि ग्रामीण सड़कों के तकनीकी और प्रशासकीय स्वीकृति में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के मानदण्डों का अनुसरण करने का प्रयास करें। इसी प्रकार बड़े कैचमेन्ट एरिया में बड़े तालाबों की संभावना पर स्वीकृति की सीमा को न्यूनतम नहीं करें। प्रधानमंत्री आवास योजना में यदि हितग्राही स्वयं की लागत लगाकर और अच्छा आवास बनाना चाहता है, तो उसकी खुद की भागीदारी को योजना के साथ प्रमोट करें।
धान उपार्जन में बताया गया कि जिले में 3 लाख 63 हजार एमटी धान खरीदी का लक्ष्य है। कुल 102 खरीदी केन्द्र हैं, जिनमें 32 केन्द्र गोदामों से संलग्न है। कमिश्नर ने कहा कि ओपेन कैप का निर्माण कार्य 15 दिसम्बर तक गुणवत्ता के साथ पूरा करें और अन्य प्रान्तों से खरीदी केन्द्रों में विक्रय के लिये आने वाली धान पर सख्त और प्रभावी कार्यवाही करें। मिलावट से मुक्ति अभियान की समीक्षा में कमिश्नर ने अमानक खाद्य पदार्थों और मिलावट की स्थिति पर कड़ी और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होने औद्योगिक गतिविधियों एक जिला एक प्रोडक्ट तथा उद्यानिकी सहित खाद बीज की स्थिति तथा गुणवत्ता नियंत्रण की जानकारी ली।

