निर्धारित मानदण्डों के पूरे होने पर ही होम आईसोलेशन की अनुमति दें
( कटनी ) –
कमिश्नर ने जिला अस्पताल का भ्रमण कर कोविड-19 की समीक्षा की
कमिश्नर जबलपुर संभाग बी. चन्द्रशेखर ने कटनी जिले के भ्रमण के दौरान जिला अस्पताल पहुंचकर वहां चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कमिश्नर ने सिविल सर्जन कक्ष में चिकित्सा अधिकारियों की बैठक लेकर कोविड-19 के नियंत्रण और उपचार सेवाओं की समीक्षा की। इस मौके पर कलेक्टर शशिभूषण सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रदीप मुढि़या, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ. राशि गुप्ता तथा कोविड वार्ड के चिकित्सक उपस्थित थे।

कमिश्नर श्री चन्द्रशेखर ने कोविड-19 की समीक्षा के दौरान कहा कि कोविड हैल्थ सेन्टर में रिक्त बैड और सुविधाओं को देखते हुये अधिकतम मरीजों को भर्ती कर इलाज करने के कार्य को प्राथमिकता देवें। उन्होने कहा कि होम आईसोलेशन की अनुमति देते समय क्लीनिकल हिस्ट्री के अलावा होम आईसोलेशन को मरीज के लिये स्थल पर आवश्यक शर्तों और मानदण्डों की चैकलिस्ट के अनुसार पूर्ति करें। होम आईसोलेशन के मरीजों की स्थिति की दिन में दो बार वीडियो कॉल से बातचीत कर परामर्श दें और निगरानी रखें। प्रत्येक पॉजीटिव आये व्यक्ति की निर्धारित जांच, चेस्ट एक्सरे, ब्लड शुगर, बीपी, लिपिड प्रोफाईल, सीवीसी आदि आवश्यक जांच जरुर करायें। प्रत्येक पॉजीटिव मरीज की ऑक्सीजन लेवल एवं अन्य दैनिक जांच गंभीरता पूर्वक कर केयरनेस बढ़ायें। मरीजों के खान पान और बाथरुम टॉयलेट की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। यदि किसी मरीज को घर का खाना लेना है, तो डिस्पोजल वर्तनों में वार्ड कर्मचारी के माध्यम से यह सुविधा दी जा सकती है। होम आईसोलेशन के मरीजों को दी जाने वाली किट और उपयोग करने की चैकलिस्ट सावधानी पूर्वक उन्हें सौंपें। उन्होने कहा कि पॉजीटिव मरीजों को तय प्रोटोकॉल के तहत सभी उपचार व्यवस्थायें परिपूर्ण उपलब्ध करायें। प्रयास हो कि कटनी जिले में कोरोना से कोई मृत्यु नहीं होने पाये। प्रत्येक मृत्यु की ऑडिट कर कारणोें और नहीं किये गये प्रयासों की जानकारी ढूंढें और बेहतर चिकित्सा सेवा देने का प्रयास करें। कमिश्नर ने कहा कि कोरोना के विगत आंकड़ों का अध्ययन कर निष्कर्ष भी निकालें।

