दतिया की जनता मध्य प्रदेश में परिवर्तन का शंखनाद करेगी, भाजपा के अहंकार और जनविरोधी राजनीति का लोकतांत्रिक जवाब देगी – कांग्रेस
(दतिया) दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के उपरांत दतिया में एक विशाल जनसभा आयोजित हुई, जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मध्य प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, विधायक गण, जनप्रतिनिधि, जिला अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जनसभा में उमड़े जनसैलाब ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि दतिया की जनता विकास, न्याय, किसान हित, युवाओं के भविष्य और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस के साथ खड़ी है तथा प्रदेश में परिवर्तन का मजबूत संकल्प ले चुकी है।

प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि देश की जनता ने एक समय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उस वादे पर विश्वास किया था कि वे देश को कभी झुकने नहीं देंगे, लेकिन आज देश का हर वर्ग आर्थिक, सामाजिक और लोकतांत्रिक दबाव का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज किसानों, युवाओं, महिलाओं, छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों को लगातार कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ा है और जनता के अधिकार कमजोर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब देश की जनता स्वयं तय करेगी कि लोकतंत्र को मजबूत करना है या अहंकार की राजनीति को आगे बढ़ाना है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव केवल एक विधानसभा क्षेत्र का चुनाव नहीं है, बल्कि यह पूरे मध्य प्रदेश की राजनीति की दिशा तय करने वाला चुनाव है। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता के पास प्रदेश की तस्वीर बदलने का ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल पूछा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादे आज तक पूरे क्यों नहीं हुए। उन्होंने कहा कि किसानों से ₹2,700 प्रति क्विंटल गेहूं, ₹3,100 प्रति क्विंटल धान, ₹6,000 प्रति क्विंटल सोयाबीन का मूल्य देने तथा महिलाओं को ₹3,000 प्रतिमाह देने के वादे किए गए थे, लेकिन वर्षों बाद भी जनता इन घोषणाओं के पूरा होने का इंतजार कर रही है।
श्री पटवारी ने कहा कि जनता ने सरकार को सेवा के लिए जनादेश दिया था, प्रतिशोध और बदले की राजनीति के लिए नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने राजेंद्र भारती के विधायक पद समाप्त होने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दतिया की जनता के जनादेश का अपमान है और जनता इसका लोकतांत्रिक जवाब देगी।
उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को सर्वसम्मति से चुना गया उम्मीदवार बताते हुए कहा कि वे सरल, ईमानदार, जनसेवी और सभी कार्यकर्ताओं की सामूहिक पसंद हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर पूरी शक्ति के साथ चुनाव लड़ने तथा कांग्रेस की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने घोषणा की कि चुनाव अभियान के दौरान वे स्वयं दतिया में रहकर गांव-गांव जाएंगे, जनता से संवाद करेंगे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यदि सत्ता पक्ष धनबल, प्रशासनिक दबाव या अन्य साधनों का उपयोग करता है, तब भी कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच रहकर उसका मुकाबला करेंगे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दतिया की जनता कांग्रेस प्रत्याशी श्री घनश्याम सिंह को विजयी बनाकर पूरे प्रदेश में परिवर्तन का संदेश देगी।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र जनता की ताकत से चलता है, सत्ता के दुरुपयोग से नहीं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दतिया की न्यायप्रिय और जागरूक जनता भाजपा द्वारा किए गए प्रत्येक राजनीतिक षड़यंत्र का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी तथा कांग्रेस प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त रूप से दतिया की जनता से अपील की कि वे लोकतंत्र, संविधान, किसान, युवा, महिला और आम नागरिक के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस के पक्ष में मतदान करें तथा कांग्रेस प्रत्याशी श्री घनश्याम सिंह को ऐतिहासिक विजय दिलाएं।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि प्रदेश में जनहित, जवाबदेही और लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनर्स्थापना का चुनाव है।
