31 मार्च तक पूरे करें राजस्व के सभी टारगेट – कलेक्टर राजस्व अधिकारियों की बैठक

कटनी  कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों को वित्तीय वर्ष के सभी राजस्व प्रकरणों और राजस्व वसूली के लक्ष्य 31 मार्च तक अनिर्वाय रुप से पूर्ण करने के निर्देश दिये हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने आरसीएमएस पर दर्ज प्रकरणों के निराकरण, डायवर्सन, राजस्व वसूली, रबी उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा की। इस मौके पर एसडीएम रोहित सिसोनिया, बलबीर रमन, प्रिया चन्द्रावत, डिप्टी कलेक्टर संघमित्रा गौतम, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, मुनौव्वर खान, महेन्द्र पटैल, क्षमा सराफ सहित नायब तहसीलदार भी उपस्थित थे।

            राजस्व अधिकारियों की बैठक में रबी उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुये कलेक्टर ने कहा कि सभी गेहूं खरीदी केन्द्रों में खरीदी की आवश्यक व्यवस्था और तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आगामी 25 मार्च से 20 मई तक गेहूं की खरीदी 56 खरीदी केन्द्र पर की जायेगी। सभी राजस्व अधिकारी अपने क्षेत्र के गेहूं खरीदी केन्द्र की तैयारियों का सत्यापन कर लें। जिला आपूर्ति अधिकारी पी0के0 श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष 40 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन हुआ है। गत वर्ष की अपेक्षा किसानों की पंजीयन संख्या और गेहूं के रकबे में हुई वृद्धि के अनुरुप लगभग 2 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदी होने की संभावना है। उन्होने बताया कि पात्रता परिवारों के सत्यापन का लगभग 95 प्रतिशत कार्य जिले में पूरा हो गया है।

            कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने विगत सप्ताह कमिश्नर जबलपुर द्वारा ली गई संभाग स्तरीय राजस्व अधिकारियों की बैठक के निर्देशों और निर्धारित लक्ष्यों को 31 मार्च तक अनिवार्य रुप से पूरा करने के निर्देश दिये। आरसीएमएस में दर्ज और निराकृत राजस्व प्रकरणों की समीक्षा में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सीमांकन के लंबित प्रकरणों के लिये अभियान चलाकर युद्ध स्तर पर निराकरण की कार्यवाही करें। उन्होने कहा कि हर पटवारी और आरआई को लक्ष्य देकर प्रतिदिन माईक्रो स्तर पर निगरानी करें। बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में आरसीएमएस पर कुल 59690 राजस्व प्रकरण पंजीकृत किये गये हैं। जिनमें 49 हजार 855 प्रकरणों का निराकरण किया गया है। जो कुल 84 प्रतिशत है। शेष 9835 प्रकरण निराकरण हेतु लंबित हैं। कलेक्टर ने नायब तहसीलदार वार प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुये कहा कि राजस्व अधिकारी न्यूनतम 90 प्रतिशत प्रकरणों के निराकरण का लक्ष्य लेकर निस्तारण की कार्यवाही करें।

            राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुये कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सकल राजस्व वसूली के लक्ष्य कायम की गई मांग के अनुरुप 31 मार्च तक पूर्ण कर लिये जायें। बैठक में बताया गया कि राजस्व वसूली के सकल लक्ष्य 14 करोड़ 62 लाख के विरुद्ध 5 करोड़ 64 लाख की वसूली कर ली गई है। जिसमें 897 लाख रुपये की वसूली बकाया है। डायवर्सन और अर्थदण्ड को छोड़कर अन्य राजस्व वसूली के शत्-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिये गये हैं। डायवर्सन की 7 करोड़ 31 लाख राजस्व वसूली के विरुद्ध 3 करोड़ 87 लाख की वसूली की गई है। राजस्व अधिकारियों की बैठक में सीएम हेल्पलाईन और सीएम मॉनिट के राजस्व विभाग से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की गई।

            पीएम किसान योजना की समीक्षा में अधीक्षक भू-अभिलेख मायाराम कोल ने बताया कि जिले के 3 लाख 38 हजार 136 किसान खातों में से 3 लाख 15 हजार 236 खाते अपलोड किये जा चुके हैं। जिले में कुल 22 हजार 901 खाते अपलोड के लिये शेष हैं। शेष खातों में विजयराघवगढ़, कैमोर, कटनी शहरी क्षेत्र के अकृषि और अनडायवर्टेड कृषि भूमि के खाते शामिल हैं।

   

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें