बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में सेन्ट्रल ऑक्सीजन सिस्टम से मिलेगी कोविड मरीजों को ऑक्सीजन
( कटनी ) – जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में भी पॉजीटिव मरीज सामने आ रहे हैं। जिसके दृष्टिगत स्थानीय स्तर पर संबंधितों को स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध कराने की दिशा में विभिन्न स्तरों पर प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बड़वारा में सांसद हिमाद्री सिंह के प्रयास से स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूरे अस्पताल में सेन्ट्रल ऑक्सीजन सिस्टम लगाया गया है। इस सिस्टम के स्थापित हो जाने के बाद अब स्वास्थ्य केन्द्र में 15 ऑक्सीजन बैड उपलब्ध हो चुके हैं। इस संबंध में सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम ने बताया कि आगामी 3 दिनों में समुचित रूप ऑक्सीजन सिस्टम प्रारंभ हो जाएंगे। इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उमरियापान में भी शीघ्र ही सेन्ट्रल ऑक्सीजन सिस्टम से 15 बैड तैयार किए जाएंगे।
बड़वारा में कराया गया सेनेटाइजर का छिड़काव
तहसील मुख्यालय बड़वारा में सांसद हिमाद्री सिंह के निर्देश पर जे.के. सीमेंट प्लांट द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, पुलिस थाना सहित सभी शासकीय कार्यालय एवं कस्बे में सेनेटाइजर वाहन से छिड़काव किया गया।
इस दौरान सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम, जिला पंचायत सदस्य धीरेन्द्र सिंह, विजेन्द्र प्रताप सिंह, सुभम श्रीवास और जे के सीमेन्ट प्लांट से के.के. उपाध्याय सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।

