उपचाररत् मरीजों को समय पर मिल सके ऑक्सीजन
वॉट्सअप पर जरुरतमंदों को दी जा रही रिफलिंग की स्वीकृति
कटनी – कोरोना की विपदा की घड़ी में जिला प्रशासन के द्वारा जनस्वास्थ्य के लिये हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। चौबीसों घंटे किसी ना किसी रुप में हमारे कोरोनो योद्धा जिलेवासियों के लिये तत्परता से अपनी सेवाओं को अंजाम दे रहे हैं। कोरोना से इस जंग में हमारे उपचाररत् मरीजों के लिये संजीवनी का काम करने वाली प्राणवायु ऑक्सीजन को लाने और उसे अस्पतालों के माध्यम से उन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हमारे कोरोना योद्धाओं द्वारा संवेदनशीलता के साथ निभाई जा रही है। इस कार्य में शासन-प्रशासन के शीर्ष नेतृत्व के साथ ही हमारे जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर जमीनीस्तर तक के लोकसेवक शिद्दत से जुटे हुये हैं।
जिले में ऑक्सीजन की उपलब्धता और उसके वितरण की मॉनीटरिंग के लिये पृथक से ऑक्सीजन कंन्ट्रोल रुम बनाया गया है। जहां से अस्पतालों में ऑक्सीजन की उपलब्धता, शासन स्तर से जिले में प्राप्त होने वाले एलएमओ की मॉनीटरिंग, एैसे पेशेन्ट्स जिन्हें घर में ही ऑक्सीजन की आवश्यकता है, उनके लिये रिफलिंग की अनुमति सहित इससे जुड़े सभी कार्य किये जाते हैं। ऑक्सीजन कंन्ट्रोल रुम प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक कार्य करता है। इसका हेल्पलाईन नंबर 9098446470 और 6263750773 है।
ऑक्सीजन कंन्ट्रोल रुम के लिये महाकौशल रिफैक्ट्रीज के द्वारा 4 मैनपॉवर उपलब्ध कराये गये हैं। यह प्रशासन की टीम के साथ जुटकर इस कार्य को कर रहे हैं। इस कार्य की मॉनीटरिंग में भी महाकौशल रिफैक्ट्रीज के अविक गुगालिया द्वारा सहयोग किया जा रहा है। इस पूरे कार्य का समन्वय की जिम्मेदारी जिला आबकारी अधिकारी अनिल जैन की है। वहीं सहायक नोडल अधिकारी के रुप में परिवहन विभाग के जीतेन्द्र सिंह बघेल भी तन्मयता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
उपचाररत् मरीजों को प्राणवायु समय पर उपलब्ध हो। अत्यावश्यक जरुरतमंद को इसकी कमी ना हो, इसके लिये उन मरीजों के लिये जिन्हें घरों में ही ऑक्सीजन की आवश्यकता होती है, उन्हें सिलेण्डर रिफलिंग के लिये परेशान ना होना पड़े, इसकी व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा बनाई गई है। ऑक्सीजन कंट्रोल रुम में संपर्क कर निर्धारित फॉर्म भरकर उसे कंट्रोल रुम के नंबर पर वॉट्सएप करने पर उपयोगिता समझते हुये वॉट्सअप पर ही स्वीकृति प्रदान की जा रही है। इस कार्य को डिप्टी कलेक्टर नदीमा शीरी अंजाम दे रही हैं।
हमारे कोरोना योद्धा व नोडल अधिकारी अनिल जैन ने बताया कि हमारे सभी वॉरियर्स जिले में ऑक्सीजन की उपलब्धता के लिये कलेक्टर के निर्देशन में काम कर रहे हैं। पहली प्राथमिकता पर हॉस्पिटल्स को ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा रही है। जहां ऑक्सीजन की कमी होती है, वहां हमने आवश्यकता को समझते हुये अपने बफर कोटे से भी 45 मिनिट में ऑक्सीजन उपलब्ध कराई है।
जरुरत के हिसाब से सही संस्थानों और व्यक्तियों को ऑक्सीजन उपलब्ध हो, इसके रिफलिंग का कार्य बाधित ना हो, इसके लिये बजाज ऑक्सीजन प्लान्ट में भी हमारे वॉरियर्स तैनात हैं। यहां पर नायब तहसीलदार रवीन्द्र पटेल और उनकी टीम इस कार्य की सतत् रुप से निगरानी कर रही है।
इस कार्य में परियोजना अधिकारी मृगेन्द्र सिंह, आबकारी उपनिरीक्षक अभिषेक बघेल, कोरोना वॉलेन्टियर नरेन्द्र पाण्डेय, सहायक जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. केवट, आबकारी उपनिरीक्षक महेन्द्र कुमार शुक्ला, आबकारी उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार नागेश और आबकारी उपनिरीक्षक शिवदत्त सिंह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन निष्ठा के साथ कर रहे हैं।
