कैरियर संवारने मेले में दिखा उत्साह, ऑफर लेटर मिलते ही चेहरे में आई मुस्कान
“अवसर मेगा कैरियर फेयर” का पालिटैक्निेक कॉलेज में हुआ आयोजन
843 का हुआ प्रारंभिक चयन, 392 को मिले ऑफर लेटर
कटनी – कोरोना की पहली व दूसरी लहर के बाद युवाओं के मन में रोजगार के अवसरों को लेकर चिंता की बनी हुई थी। उनकी इस परेशानी को हल करने जिला प्रशासन ने बीड़ा उठाया है। मंगलवार को शासकीय पालिटेक्निक कॉलेज में “अवसर मेगा कैरियर फेयर” का आयोजन किया गया। जिसमें देश भर से कंपनियां युवाओं को रोजगार देने एकत्र हुईं। काउन्सलिंग के बाद युवाओं के हाथों में जब ऑफर लेटर मिले तो उनके चेहरों में मुस्कान देखने को मिली। कॉलेज परिसर में जिला रोजगार कार्यालय की ओर से युवाओं के सहयोग के लिए अलग-अलग काउंटरों की व्यवस्था की गई थी। जिसमें पंजीयन के साथ ही काउन्सलिंग की व्यवस्था थी। रोजगार फेयर में प्रदेश सहित दूसरे प्रदेशों की 19 कंपनियों के प्रतिनिधि युवाओं का चयन करने पहुंचे थे। पंजीयन के बाद इच्छुक आवेदकों को कंपनियों ने अपनी पॉलिसी और वेतन आदि संबंधी जानकारी प्रदान कर संवाद स्थापित किया। उसके बाद चयन की प्रक्रिया पूरी हुई।
जिला रोजगार अधिकारी डी.के. पासी ने बताया कि मेगा फेयर के दौरान जिले भर के 1226 युवक-युवतियों ने अपना पंजीयन कराया था। जिसमें मौके पर मौजूद 19 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने संवाद के बाद 843 युवाओं का प्रारंभिक चयन किया है। इतना ही नहीं कंपनियों ने मौके पर ही 392 युवाओं को रोजगार प्रदान करते हुए ऑफर लेटर भी प्रदान किए। शेष चयनित युवाओं को कंपनियां अगामी कार्रवाई पूरा करने के बाद लेटर प्रदान करेंगी।
जिला पंचायत सीईओ ने किया निरीक्षण
“अवसर मेगा कैरियर फेयर” में की गई व्यवस्थाओं का जिला पंचायत सीईओ जगदीश चंद्र गोमे ने भी निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीयन काउंटर, काउन्सलिंग स्थल में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान श्री गोमे ने कंपनियों द्वारा युवाओं से किए जा रहे संवाद स्थलों में जाकर भी रोजगार से जुड़ने आए जिले के युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
ये कंपनियां हुईं शामिल
“अवसर कैरियर फेयर” में आयशर मोटर्स धार, कपारो इंजीनिरिंग, प्रगतिशील बॉयो टेक जबलपुर, क्वेस क्राप, एलआईसी कटनी, श्री फस्ट बायोटेक, वेलस्पन इंडिया लिमिटेड गुजरात, आनंद ग्रुप, टेनेको ऑटोमोटिव इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पुणे, डी मार्ट गाचीबोवली, विस्टोन, राइजिंग मोबाइल स्टार, स्टोपेक सिग्नोडे बैंगलोर, वेद पैक बैंगलोर, मर्दर सन गुजरात, श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस कटनी, एचडीएफसी बैंक कटनी, स्विगी कटनी, एसबीआई ग्रामीण स्व रोजगार प्रशिक्षण संस्थान कटनी शामिल हुईं।

