ग्राम पंचायतों के नवीन भवन, प्रदेश भर से होंगे सबसे अलग
अधिकारियों के ठहरने ग्रामीण रेस्ट हाउस, समूह की महिलाओं को गतिविधियां संचालित करने भी मिलेगा कक्ष
नवीन मॉडल के 13 भवनों का कार्य पूर्णता की ओर, 18 अन्य पंचायतों को भी किया गया योजना में शामिल
कटनी – ग्राम पंचायत की सरकार भी जिले में अब सर्वसुविधायुक्त भवनों में संचालित होगी। सुविधाओं के बीच लोग बैठकर गांव के विकास की योजनाएं बनाएंगे। जिले में नवीन मॉडल के ग्राम पंचायत भवन तैयार कराए जा रहे हैं, जो प्रदेश में अपने तरह के अलग मॉडल होंगे। जिला पंचायत सीईओ जगदीश चंद्र गोमे ने जिले में नए तरह के पंचायत भवनों की योजना तैयार कराई है।
पुराने भवनों में देखने में आता था कि न तो उनमें पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मचारियों को ही बैठने की पर्याप्त जगह होती थी और न ही ग्रामीणों के लिए। इसको देखते हुए जिला पंचायत ने नवीन भवन का मॉडल तैयार कराया है ताकि सुविधा के बीच गांव के लोग व पंचायत प्रतिनिधि बैठकर विकास की कार्ययोजना तैयार कर सकें। सीईओ जिला पंचायत ने बताया कि पूर्व के कई पंचायत भवनों का कार्य वर्षों से अधूरा पड़ा है लेकिन नवीन मॉडल के 20लाख रूपये की लागत से तैयार कराए जा रहे भवनों के निर्माण के लिए निर्माण एजेंसी को महज 6 माह का समय दिया गया है। इसी अवधि में उन्हें काम पूरा करना होगा। जिसके प्रथम चरण में 13 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है और उनके भवन लगभग पूर्णता की ओर हैं। उसी तर्ज पर डेढ़ दर्जन भवनों को दूसरे चरण की कार्ययोजना में शामिल किया गया है।
रेस्ट हाउस की भी रहेगी सुविधा
अक्सर देखने में आता था कि ग्राम पंचायतों के निरीक्षण या अन्य कार्य से गए अधिकारियों को चौपाल लगाने, ग्रामीणों से संवाद या रात्रि विश्राम आदि करने की सुविधा अधिकांश स्थानों पर नहीं हो पाती थी। जिसके चलते मजबूरी में अधिकारी स्कूल भवन या अन्य स्थानों की तलाश करते रहते थे। इन सब समस्याओं को देखते हुए नवीन मॉडल के पंचायत भवनों में एक कक्ष ग्रामीण रेस्ट हाउस के नाम से भी बनाया गया है। जिसमें पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी और अधिकारियों को ग्रामीणों से संवाद, बैठक करने और रात्रि में रूकने के लिए परेशान नहीं होना होगा।
समूह की महिलाएं भी संचालित कर सकेंगी गतिविधियां
प्रदेश सरकार आजीविका मिशन के माध्यम से संचालित गांव-गांव संचालित स्व सहायता समूहों की महिलाओं को आगे लाने लगातार प्रयास कर रही है। इसको ध्यान में रखकर नवीन ग्राम पंचायत भवन के मॉडल में एक कक्ष समूह की महिलाओं के लिए भी आरक्षित होगा। कक्ष में समूह की महिलाएं अपनी गतिविधियां संचालित कर सकंेगी और उनको भी स्थल के लिए परेशान नहीं होना होगा।
इन पंचायतों में प्रथम चरण में काम
जिला पंचायत ने जिले के बड़वारा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत हरदहटा, विलायतकला, पिपरियाकला, ढीमरखेड़ा की महगवां बड़खेरा, कटनी की हीरापुर कौड़िया, पौंसरा, रीठी जनपद की ढुढरी, अमगवां, लालपुरा, बड़गांव और विजयराघवगढ़ जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत घुन्नौर, जारारोड़ा, हन्तला को नवीन मॉडल का पंचायत भवन के लिए चुना है। जिनमें से अधिकांश के काम पूर्णता की ओर हैं।

