ब्रेकिंग न्यूज़ : विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने का फैसला लेने पर उनके फैंस हुए दुःखी
(नई दिल्ली) भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने विराट कोहली के टी-20 विश्व कप में बाद भारतीय टी-20 टीम की कप्तानी छोड़ने के फैसले का सम्मान करते हुए उनकी तारीफ की है। गांगुली ने कोहली की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने यह निर्णय भविष्य के रोडमैप को ध्यान में रखते हुए किया है। गांगुली ने एक आधिकारिक बयान में कहा,”विराट भारतीय क्रिकेट के लिए एक संपत्ति रहे हैं और उन्होंने शानदार नेतृत्व किया है। वह सभी प्रारूपों में सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं।” उन्होंने कहा,”कोहली ने यह निर्णय भविष्य के रोडमैप को ध्यान में रखते हुए किया है। हम विराट को टी-20 कप्तान के रूप में उनके जबरदस्त प्रदर्शन के लिए धन्यवाद देते हैं। हम उन्हें आगामी विश्व कप और उससे आगे के लिए शुभकामनाएं देते हैं और आशा करते हैं कि वह भारत के लिए रन बनाते रहेंगे।”

वहीं, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा,”उन्होंने खुद ये निर्णय लिया है। इससे पहले उन्होंने बीसीसीआई अध्यक्ष, सचिव और अन्य लोगों से चर्चा किया और उसके बाद ये निर्णय लिया है। जब उन्होंने निजी रूप से निर्णय लिया तो सबको इसका सम्मान करना चाहिए। नया कैप्टन विश्वकप के बाद सलेक्टर तय करेंगे।” कोहली 2021 में आगामी आईसीसी आयोजन के बाद टी20 प्रारूप के लिए चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे, जो यूएई और ओमान की मेजबानी में खेला जाएगा। गौरतलब है कि विराट कोहली ने आज सोशल मीडिया के जरिये टी-20 विश्वकप के बाद भारतीय टी-20 टीम की कप्तानी छोड़ने की घोषणा की।

