बेटे का कराना है इलाज, महिला ने बताई परेशानी, तत्काल सहायता दिलाने भेजा प्रकरण
फिर शुरू हुई कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई
78 आवेदन हुए प्राप्त
अपर कलेक्टर श्री टोप्पो ने की सुनी लोगों की समस्याएं
कटनी – लोगों की शिकायतों का तत्काल निराकरण हो। उनके आवेदनों पर मौके पर ही सुनवाई हो सके, इसको लेकर राज्य शासन द्वारा प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई प्रारंभ की गई थी। जिसमें एक ही स्थान पर लोगों के सभी विभागों से संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जाता है। कलेक्ट्रेट में कोरोना संक्रमण के चलते कुछ माह पूर्व जनसुनवाई कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। मंगलवार से फिर से जनसुनवाई कार्यक्रम की शुरूआत की गई। जिसमें कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर एडीएम रोमोनुस टोप्पो ने लोगों की शिकायतें सुनी और आवेदन लिए। जिसके बाद उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया।
जनसुनवाई के दौरान कटनी निवसी सोनम जायसवाल ने आवेदन दिया कि, उनके पांच साल के बेटे को गंभीर बीमारी है और वे उसका ठीक से इलाज कराने में समक्ष नहीं हैं। जिस पर अपर कलेक्टर श्री टोप्पो ने तत्काल स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को आवेदन सौंपा और बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के साथ शासन के नियमानुसार इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ऐसे ही अन्य मामलों में भी एडीएम ने सुनवाई की। कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए आयोजित जनसुनवाई में मंगलवार को 78 आवेदकों ने अपनी समस्या और योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन दिए। प्राप्त आवेदनों का जल्द से जल्द निराकरण कराने के निर्देश देते हुए अपर कलेक्टर श्री टोप्पो ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए।
सहायता राशि के लिए दिया आवेदन
जनसुनवाई के दौरान कांटी विजयराघवगढ़ निवासी क्षमा बाई पति ठाकुर प्रसाद ने बताया कि उनके पति की मृत्यु हो गई है और अभी तक उनको सहायता राशि नहीं मिली है। जिसपर उनके प्रकरण को तत्काल संबंधित विभागों को भेजकर निराकरण कराने के निर्देश अपर कलेक्टर ने दिए । मदनपुरा कैलवारा कला निवासी किशन चौधरी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तो बकलेहटा निवासी ग्रामीणों ने मनरेगा मद से बने नाले के गहरीकरण को लेकर आवेदन सौंपा। वहीं गणेश पटेल ने केसीसी बनने में आ रही परेशानी बताई, जिसपर एडीएम ने मौके से तहसीलदार को निर्देश दिए कि पटवारी की आईडी से बैंक को आवेदन फारवर्ड कराएं। जनसुनवाई के दौरान सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

