कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बरगवां में एक करोड़ की भूमि से हटवाया भू माफिया का कब्जा, पीडि़त को सौंपी चाबी

आवेदन पर कलेक्टरपुलिस अधीक्षक ने दिए थे निर्देशराजस्व अमले के साथ नगर निगम व पुलिस ने संयुक्त रूप से की कार्रवाई

(कटनी)  शासकीय भूमि और लोगों की निजी भूमि पर दबंगता दिखाते हुए कब्जा करने वाले भू माफिया के खिलाफ प्रदेश सरकार ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री समय-समय पर भू माफियाओं पर कार्रवाई के लिए कड़े निर्देश देते रहे हैं और उसको लेकर जिला व पुलिस प्रशासन भी सूचना मिलने के साथ ही जहां सरकारी जमीनों को माफिया के कब्जे से मुक्त कराने का कार्य कर रहा है तो वहीं लोगों की निजी भूमि हथियाने वालों पर भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई कर लोगों को न्याय दिलाने का कार्य किया जा रहा है।

            ऐसे ही शहर के मुख्य मार्ग बरगवां में एक परिवार के लगभग एक करोड़ कीमत के मकान व जमीन पर कुछ दबंगों ने ताला तोड़कर कब्जा कर लिया था। जिसकी सूचना पांच दिन पूर्व पीडि़त ने कलेक्टर प्रियंक मिश्रा व पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन को दी। कलेक्टर श्री मिश्रा व एसपी श्री जैन ने अमले को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे और उसके परिपालन में मंगलवार को एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व, नगर निगम और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पीडि़त परिवार की कीमती जमीन व मकान का कब्जा हटवाया और संबंधित को मकान की चाबी सौंपी। तत्काल मिले न्याय पर पीडि़त परिवार ने प्रदेश के मुखिया श्री शिवराज सिंह चौहान और जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

मकान का ताला तोड़कर तीनों लोगों ने कर लिया था कब्जा

            मसुरहा वार्ड निवासी दीपक कुमार नगरिया ने 15 सितंबर को कलेक्टर श्री मिश्रा व एसपी श्री जैन को आवेदन दिया था। जिसमें उनका कहना था कि उन्होंने वर्ष 2015 में राजकुमार आलानी से बरगवां के पटवारी हल्का क्रमांक 45/7 नया 42, नजूल सीट नंबर 12 सी भू खंड का चलता नंबर 67, खसरा नंबर 136 पर निर्मित मकान नंबर 532 खरीदा था। 330 वर्ग फीट पर भूतल व प्रथम तल पर निर्मित मकान में उन्होंने दो साल पूर्व काम कराया। जमीन व मकान का नामांतरण सहित अन्य दस्तावेज उसके पास हैं। जिसकी प्रतियां भी पीडि़त नगरिया ने कलेक्टर व एसपी को उपलब्ध कराई। नगरिया ने बताया कि 6 सितंबर को उनको पता चला कि रवि शर्मा, सचिन यादव, संतोष उर्फ संतू परौहा एडवोकेट और उनके कुछ लड़कों ने साथ मिलकर उनके मकान का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया है। नगरिया जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें धमकी दी गई। जिसके बाद डरकर परिवार भाग आया और कलेक्टर, एसपी को शिकायत सौंपी।

कलेक्टरएसपी के निर्देश पर छावनी बनाकर अमले ने की कार्रवाई

            दीपक नगरिया की शिकायत पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने एसडीएम बलवीर रमन को दस्तावेजों की जांच करते हुए तत्काल कब्जा पीडि़त को दिलाए जाने के निर्देश दिए। वही एसपी श्री जैन ने सीएसपी को मौके पर बल भेजने के निर्देश दिए। अधिकारियों के निर्देश पर मंगलवार को एसडीएम राजस्व अमला व नगर निगम की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं सुरक्षा को लेकर सीएसपी शशिकांत शुक्ला, रंगनाथ नगर थाना, कोतवाली के बल के साथ मौजूद थे। अधिकारियों ने कब्जाधारियों का ताला तोड़कर बोर्ड आदि हटाए और दीपक नगरिया को कब्जा दिलाया गया। जिला प्रशासन की कार्रवाई के बाद दीपक नगरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, जिला व पुलिस प्रशासन ने जिस तरह से उनकी लाखों की जमीन कब्जा मुक्त कराते हुए उन्हें दिलाई, उसके लिए आभार व्यक्त करने उनके पास शब्द नहीं हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें