कटनी शहर की आकांक्षाओं को पूर्ण करने वाला मास्टर प्लान- कलेक्टर श्री मिश्रा

शहर के चारों तरफ हो विकास, मास्टर प्लान वर्ष-2035 को लेकर हुआ मंथन

वाणिज्य, पर्यावरण, आवासीय सहित अन्य क्षेत्रों के विकास को लेकर दावे-आपत्तियों का किया गया परीक्षण

कटनी – अमृत योजना के अंतर्गत देशभर के 500 शहरों और प्रदेश में 35 शहरों को चुना गया है। इसी के अंतर्गत कटनी शहर का मास्टर प्लान भी तैयार किया जा रहा है। 26 मार्च को 2021 का प्रारूप का प्रकाशन किया गया था और प्रारूप का पुनः प्रकाशन 9 जुलाई को किया गया और उसके बाद 30 दिन के अंदर दावा-आपत्ति मंगाए गए थे। गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विधायक संदीप जायसवाल, जिला पंचायत प्रधान ममता पटेल, जनपद अध्यक्ष शैलेष तिवारी, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की मौजूदगी में शहर के मास्टर प्लान को लेकर चर्चा की गई। बैठक में वाणिज्यिक, आवासीय, पर्यावरण के आधार पर आए दावा-आपत्तियों को सुना गया और उन पर यथोचित् कार्रवाई करने की बात कही।

            कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि आने वाले 15 से 20 वर्ष में शहर का किस तरह से विकास हो, इसको लेकर योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रयास किया जा रहा है कि भविष्य की आकांक्षाओं के अनुरूप पूर्ण विकास हो। श्री मिश्रा ने कहा कि बैठक में सामने आया कि शहर का मध्य भाग अत्यंत संकीर्ण है और इस दृष्टि से हर दिशा में विकास होना चाहिए ताकि बढ़ने वाल आबादी के अनुरूप शहर विकसित हो सके। इसके लिए शहर के दक्षिण क्षेत्र में नई और वैध कालोनी विकसित हों, बाइपास और शहडोल मार्ग के दोनों ओर भी कालोनियों के विकास को मास्टर प्लान में शामिल किया जा रहा है। बैठक में जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों से भी शहर के मास्टर प्लान को लेकर सुझाव लिए गए।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें