अवैध मदिरा के विरुद्ध विजयराघवगढ़ क्षेत्र के विभिन्न स्थलों में आबकारी विभाग की कार्रवाई
मौके से 1 लाख रुपये से अधिक मूल्य की शराब तथा महुआ लाहन जप्त
कटनी – जिले में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में अवैध मदिरा के संग्रहण, परिवहन, विक्रय और निर्माण की रोकथाम के लिये आबकारी विभाग द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। जिसके तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब की गतिविधियों के विरुद्ध विभागीय अमले द्वारा जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी अनिल जैन ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत विभागीय अमले द्वारा सोमवार 11 अक्टूबर को आबकारी वृत्त विजयराघवगढ़ विभिन्न ग्रामों में कार्रवाई की। इस दौरान मछरियाडेरा पथरहटा, खिरवा एवं घुन्नोर में आबकारी दलों द्वारा दबिश दी गई। जिसमें विभागीय अमले द्वारा कार्रवाई करते हुये 2085 किलोग्राम महुआ लाहन तप्त किया गया है। साथ ही 521 लीटर अवैध हाथ भट्टी मदिरा भी दल द्वारा जप्त की गई है। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क एवं च के तहत संबंधित आरोपियों के विरुद्ध 5 न्यायालयीन प्रकरण भी पंजीबद्ध किये गये हैं। मौके पर जप्तशुदा महुआ लाहन का सैम्पल लेकर उसे नष्ठ किया गया है। इस कार्रवाई में जप्त महुआ लाहन तथा अवैध शराब की अनुमानित कीमत लगभग एक लाख 5 हजार 150 रुपये है।
