जनसुनवाई में नौकरी से संबंधित आवेदन लेकर न आएं- कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह
(छतरपुर) कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई की। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत ए.बी. सिंह, अपर कलेक्टर आर.डी.एस. अग्निवंशी, एसडीएम यू.सी. मेहरा सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में 120 आवेदन प्राप्त हुए। आवेदनों का परीक्षण किया जाकर आवश्यक कार्यवाही के लिए विभागीय अधिकारी को सौपें गये हैं। जनसुनवाई में टौरिया मोहल्ला निवासी रीना साहू ने नौकरी के लिए आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने महिला को जनसुनवाई में नौकरी नहीं मिलने की समझाइस दी और महिला आवेदिका का स्वरोजगार के लिए शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी को पीएम स्वनिधि योजना में ऋण स्वीकृति प्रकरण तैयार कराने की कार्यवाही के लिए मौके पर ही निर्देशित किया। इसके साथ ही अधिकारियों को जनसुनवाई में नौकरी के लिए आने वाले आवेदकों को पात्र होने पर सरकारी योजना की मदद से स्वरोजगार स्थापित करने की समझाईस देने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने जनसुनवाई में जिला पंचायत सभाकक्ष के बाहर ट्राई साईकिल से पहुंचे दिव्यांग आवेदक मनोज अहिरवार की समस्या सुनी और तत्काल मदद का भरोसा दिया।
जनसुनवाई में राजस्व, शिक्षा, पंचायत, स्वास्थ्य, विद्युत, सहकारिता, आदिमजाति कल्याण, खाद्य, कृषि, ग्रामीण विकास, महिला बाल विकास के विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को परीक्षण करते हुए समाधान कारक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गये।

