कमिश्नर और आईजी ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण

कटनी  कमिश्नर जबलपुर महेशचन्द्र चौधरी ने शनिवार को कटनी जिले के भ्रमण के दौरान जिला चिकित्सालय कटनी पहुंचकर वहां कोरोना संक्रमण के संदिग्ध रोगियों के लिये बनाये गये कोविड केयर सेन्टर और कोविड हैल्थ सेन्टर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर पुलिस महानिरीक्षक बी0एस0 चौहान, आईजी मनोहर वर्मा, कलेक्टर शशिभूषण सिंह, पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार, वन मण्डलाधिकारी राजेश राय, अपर कलेक्टर साकेत मालवीय, सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 एस0के0 निगम, सिविल सर्जन डॉ0 एस0के0 शर्मा, नोडल अधिकारी डॉ0 यशवंत वर्मा, पीडी सोनी, एसडीएम बलबीर रमन, आयुक्त नगर निगम आर0पी0 सिंह भी उपस्थित थे।

            कमिश्नर श्री चौधरी और आईजी श्री चौहान ने जिला अस्पताल की ओपीडी और कोरोना वायरस संक्रमित व्यकित्यों को रखने आईसोलेशन कक्ष तथा आने जाने के सुरक्षित मार्गों का निरीक्षण किया। कमिश्नर ने कहा कि सुनिश्चित करें कि कोरोना संक्रमण के संदिग्ध व्यक्तियों को जिला अस्पताल के आम वार्डों से पृथक रखते हुये दूसरे मार्ग से आईसोलेशन कक्ष में लाने-ले जाने के रास्तों का उपयोग करें। ताकि जिला चिकित्सालय के अन्य वार्ड संक्रमण से मुक्त रहें। जिला अस्पताल में सैनीटाईजेशन और कोरोना संक्रमण से बचाव की सभी आवश्यक सावधानियां और दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। उन्होने चिकित्सीय स्टाफ का हौसला बढ़ाते हुये कहा कि कोरोना से घबराने की कतई जरुरत नहीं है। जरुरत इसका डटकर मुकाबला करने की है। संक्रमित व्यक्तियों के सावधानी पूर्वक पोषण और उपचार से आसानी से उन्हें संक्रमण से बाहर लाकर स्वस्थ्य किया जा सकता है। कमिश्नर श्री चौधरी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सिविल सर्जन से जिला अस्पताल में उपलब्ध आईसोलेशन एवं उपचार व्यवस्थाओं तथा संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी भी ली।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें