गर्ल्स कॉलेज कटनी में आयोजित हुआ महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता शिविर
(कटनी) – प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्यामाचरण उपाध्याय के मार्गदर्शन में, जिला न्यायाधीश/सचिव दिनेश कुमार नोटिया की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को शासकीय गर्ल्स कॉलेज कटनी में महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला न्यायाधीश व सचिव श्री नोटिया ने घरेलु हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005 अंतर्गत हिंसा के विभिन्न प्रकार जैसे शारीरिक, लैंगिक, मानसिक शोषण के बारे में बताते हुये घरेलु हिंसा से पीडि़त महिला को प्राप्त अधिकारों के बारे में जानकारी दी। मध्यप्रदेश अपराध पीडि़त प्रतिकर योजना 2015 अंतर्गत अपराध पीडि़तों या उनके आश्रितों को जिन्हें अपराध के परिणाम स्वरूप हानि या क्षति कारित हुई है और जिन्हें पुनर्वास की आवश्यकता है, उनके प्रतिकर के लिये निधियों एवं प्रतिकर के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इसके साथ ही पॉक्सो अधिनियम, भारतीय दंड संहिता, ऐसिड अटैक पीडि़त, भरण-पोषण, दहेज निषेध अधिनियम, बाल संरक्षण, किशोर न्याय अधिनियम तथा अन्य विधिक उपबंधों की जानकारी देते हुये छात्राओं को उनकी सुरक्षा, संरक्षण, विधि एवं महिलाओं से संबंधित अन्य जानकारियां दी। नालसा एवं सालसा की जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी देते हुये निःशुल्क विधिक सहायता योजना के बारे में बताते हुये टोलफ्री नंबर 15100 तथा नालसा के विधिक सहायता ऐप के माध्यम से अपनी समस्याओं से संबंधित शिकायत प्रस्तुत करने के संबंध में जानकारी दी।
महिला सशक्तिकरण अधिकारी वनश्री कुरवैती ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत समाज के कमजोर वर्ग के महिलाओं एवं बच्चों के विकास व कल्याण का मार्ग आसान एवं अल्प अवधि में पूर्ण करने हेतु संचालित योजनाओं के बारे में बताया। इसके साथ ही लाडली लक्ष्मी योजना, अटल बाल मिशन, समेकित बाल संरक्षण योजना के बारे में जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में गर्ल्स कॉलेज की बालिकाओं को प्रोजेक्टर में पीपीटी के माध्यम से महिला एवं बाल विभाग से संबंधित योजनाओं को प्रसारित करते हुये विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी। इस अवसर पर बाल संरक्षण अधिकारी मनीष तिवारी, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजकुमार गुप्ता, प्रोफेसर साधना जैन, सुनीता श्रीवास्तव, रश्मि बजाज, मीना बजाज, पुष्पा कुशरे, पीएलव्ही अंजूरेखा तिवारी सहित बालिकाओं की उपस्थिति रही।
