कटनी जिले में पहले चरण में पांच जिला पंचायत सदस्यों के होंगे चुनाव
बहोरीबंद व रीठी जनपद पंचायत को प्रथम चरण में किया गया है शामिल
(कटनी) – राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में स्थानीय निर्वाचन को लेकर तैयारी जारी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरूस्त कराई जा रही हैं तो अधिकारी, कर्मचारियों के निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण भी प्रारंभ हैं। जिले में शांतिपूर्ण मतदान हों, इसके लिए संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों का निर्धारण भी किया गया है और बदमाशों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
जिले में तीन चरणों में पंचायत निर्वाचन होने हैं, जिसमें प्रथम चरण में जिले की बहोरीबंद व रीठी जनपद पंचायत, द्वितीय चरण में बड़वारा व कटनी और तृतीय चरण में विजयराघवगढ़ व ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत में चुनाव होंगे। प्रथम चरण में बहोरीबंद व रीठी जनपद क्षेत्र में होने वाले चुनाव में जिला पंचायत सदस्य के पांच वार्डों के चुनाव होंगे, जिसमें बहोरीबंद के तीन व रीठी के दो वार्ड शामिल हैं। वहीं द्वितीय चरण के निर्वाचन में बड़वारा व कटनी के दो-दो जिला पंचायत सदस्यों के निर्वाचन होंगे। तीसरे चरण में विजयराघवगढ़ के दो और ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत क्षेत्र के तीन वार्डों में जिला पंचायत सदस्य पद के निर्वाचन संपन्न कराए जाएंगे।
जनपद पंचायत सदस्यों के 121 वार्डों के लिए होंगे चुनाव
स्थानीय निर्वाचन में जनपद पंचायत के 121 वार्डों के लिए तीन चरण में निर्वाचन जिले में कराए जाएंगे। जिसमें से सर्वाधिक 24 जनपद सदस्यों का निर्वाचन बहोरीबंद जनपद पंचायत क्षेत्र में होगा। इसके अलावा रीठी जनपद के 15 वार्ड, बड़वारा के 21, कटनी के 16, विजयराघवगढ़ जनपद पंचायत के 22 और ढीमरखेड़ा जनपद के 23 जनपद सदस्य वार्डों के लिए चुनाव तीन चरणों में कराए जाएंगे।
प्रथम चरण में 135 ग्राम पंचायतों के सरपंचों का होगा चुनाव
पंचायत निर्वाचन के दौरान तीन चरणों में जिले की 407 ग्राम पंचायतों के सरपंच पदों के लिए चुनाव कराए जाएंगे। प्रथम चरण में बहोरीबंद की 79 व रीठी की 56 ग्राम पंचायतों के सरपंच चुने जाएंगे। वही द्वितीय चरण में बड़वारा की 66 व कटनी की 59 और तृतीय चरण में विजयराघवगढ़ जनपद पंचायत क्षेत्र की 74 ग्राम पंचायत व ढीमरखेड़ा की 73 ग्राम पंचायतों के चुनाव कराए जाएंगे।
4911 पंचों का होगा निर्वाचन
स्थानीय निर्वाचन में ग्राम पंचायत के पंच पदों के चुनाव भी होंगे। जिले की 407 ग्राम पंचायतों के 4911 पंचों का निर्वाचन तीन चरणों में होगा। जिसमें बहोरीबंद के 982, रीठी के 651, बड़वारा के 805, कटनी के 680, विजयराघवगढ़ के 863 और ढीमरखेड़ा के 930 पंचों के निर्वाचन की प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी।
